-अनुज्ञापी पर लगाया 75 हजार का जुर्माना और कारण बताओ नोटिस किया जारी
गौतमबुद्ध नगर। जिले में ओवर रेटिंग का मामला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जिला आबकारी अधिकारी की सख्ती के बावजूद कुछ विक्रेता अपनी हरकतों से बाज नही आ रहे है। ओवर रेटिंग की शिकायत पर आबकारी विभाग तत्काल कार्रवाई तो कर ही रहा है। साथ ही उसे आबकारी के पोर्टल पर ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई भी की जा रही है। मगर आबकारी अधिकारी की कार्रवाई का असर कुछ विक्रेताओं पर नहीं पड़ रहा है। आबकारी विभाग की टीम ने ऐसे ही एक विक्रेता को गिरफ्तार किया है। जो बीयर की 130 रुपए की केन को 140 रुपए में बेच रहा था। विक्रेता यह पैसा खर्चा-पानी के लिए मांग रहा था। जैसे ही इसकी सूचना आबकारी विभाग को मिली तो आबकारी विभाग ने बिना देरी किए टीम गठित को बीयर की दुकान पर गुप्त टेस्ट परचेङ्क्षजग कराई, जहां विक्रेता द्वारा बीयर पर अधिक वसूली की जा रही थी।
जिले के अनुज्ञापियों के साथ बैठक कर पूर्व में ही आबकारी अधिकारी सचेत कर चुके थे। साथ ही बीच-बीच में बैठक कर नियमानुसार शराब बिक्री की हिदायत भी दी जाता है। मगर अनुज्ञापियों की लापरवाही कहें या फिर विक्रेता की हिम्मत जिसमें आबकारी विभाग की कार्रवाई का भी खौफ नहीं दिखाई दे रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीमों द्वारा लगातार छापेमारी एवं दबिश की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब की दुकानों पर भी गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई जा रही है। गुरुवार को सूचना मिली की शाहपुर बांगर बीयर की दुकान पर बीयर पर अंकित मूल्यों से अधिक वसूली की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 डॉ शिखा ठाकुर की टीम गठित कर गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई गई। जहां विक्रेता शैलेंद्र कुमार पुत्र श्यामबाबू निवासी ग्राम जोगिनीपुरवा पोस्ट सुखसेनपुर कन्नौज 130 रुपए बीयर की केन पर 140 रुपए की मांग कर रहा था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया और आबकारी पोर्टल पर ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई की गई। जिससे भविष्य में कभी वह शराब की दुकानों पर काम न कर सकें। अनुज्ञापी को कारण बताओ का नोटिस जारी करते हुए 75 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
जिला आबकारी अधिकारी ने सभी अनुज्ञापियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग की शिकायत बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकान आपके नाम पर है, ना कि सेल्समैन के नाम पर है। ओवर रेटिंग रोकना आपकी जिम्मेदारी है, अगर ओवर रेटिंग की शिकायत मिलती है तो अनुज्ञापियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होगा और इसके साथ ही संबंधित अनुज्ञापी को ब्लैक लिस्ट करते हुए भविष्य में आबकारी अनुज्ञापन प्राप्त करने के लिए प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि शराब के ठेकेदार भी अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर नजर रखें और इसकी सूचना दें। किसी भी हालत में अवैध शराब की बिक्री जिले में नहीं होने दी जाएगी। इसमें लिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
















