संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने सुनी जनता की समस्या

-10 शिकायतें प्राप्त, विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

गाजियाबाद। शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए मंगलवार को नगर निगम सभागार में संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। संभव जनसुनवाई की अध्यक्षता नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने की। जिसमें 10 संदर्भ प्राप्त हुए। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही कुछ समस्याओं का मौके पर निस्तारण कराया। संभव जनसुनवाई में कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं को नगर आयुक्त के समक्ष रखा।

संभव कार्यक्रम में सबसे अधिक शिकायतें स्ट्रीट लाइट को लेकर आईं। स्ट्रीट लाइट कई दिनों ने नहीं जल रही है, इसके बाद भी नगर निगम उन्हें ठीक नहीं करा रहा है। इसके अलावा शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराई गईं। सीवर ओवर फ्लो, टूटे सीवर के ढक्कन आदि की भी शिकायत दर्ज कराई गईं। इसके अलावा कूड़ा नहीं उठने को लेकर भी कई शिकायतें दर्ज हुई हैं। शास्त्री नगर, मॉडल टाउन, शालीमार गार्डन, नेहरू नगर, प्रताप विहार, ब्रिज विहार क्षेत्र से आई हुई जनता ने अपनी समस्याओं से नगर आयुक्त को अवगत कराया।

जिस पर पत्र प्राप्त करते हुए उनकी शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। नगर आयुक्त ने कहा शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए आयोजित संभव जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण किया जाए। समस्याओं के निस्तारण के साथ-साथ पारदर्शिता भी रखी जाए। अगर किसी भी समस्या के निस्तारण में कोताही बिल्कुल भी बर्दाश्त नही की जाएगी। जो शिकायतें दर्ज की गई हैं उनका निस्तारण गुणवत्ता के आधार पर किया जाए, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, शिवपूजन यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा आदि अधिकारी भी मौजूद रहे।