निगम में मेरी माटी मेरा देश अभियान का शुभारंभ

-महापौर व नगर आयुक्त ने दिलाई पंचप्रण की शपथ

गाजियाबाद। मेरी माटी, मेरा देश अभियान का बुधवार को नगर निगम ने शुरूआत कर दी। नगर निगम सभागार में महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को अमृत काल महोत्सव के पंचप्रण की शपथ दिलाई। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव समेत अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शपथ ग्रहण की। महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहर में मेरी माटी, मेरा देश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।

नवयुग मार्केट चंद्रपुरी स्थित नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम उत्साह पूर्वक मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस यानि कि 15 अगस्त को मेरी माटी,मेरा देश अभियान वृहद स्तर पर चलाया जाएगा। इस दिन तक लगातार कार्यक्रम किए जाएंगे। शहर में अलग-अलग स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेखन प्रतियोगिता, पेंटिंग व अन्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। निगम द्वारा मेरी माटी मेरा, देश अभियान के तहत शहर वासियों को देश के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हाथों में मिट्टी के दीये लेकर शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस अभियान को महापौर व नगर आयुक्त, निगम के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मिलकर चलाएंगे।