इंदिरापुरम पम्पिंग स्टेशन सुचारू रूप से चलता मिले: महापौर

गाजियाबाद। इंदिरापुरम कॉलोनी स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सीवर पम्पिंग स्टेशन (एसपीएस), मेन पम्पिंग स्टेशन (एमपीएस) का शनिवार को महापौर सुनीता दयाल औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंची। महापौर ने निरीक्षण करते हुए कहा कि मेन पम्पिंग स्टेशन सुचारू रूप से चलता मिले। ताकि सीवर के पानी की वजह से ओवरफ्लो न हो सके। औचक निरीक्षण के दौरान महापौर ने पार्षद संजय सिंह,शांति स्वरूप शर्मा,विक्रम सैनी आदि की मौजूदगी में इंदिरापुरम स्थित एसटीपी का हाल जाना।

यहां पर सीवर पम्पिंग स्टेशन एवं मेन पम्पिंग स्टेशन चालू मिले। लेकिन एसपीएस के पानी के लेवल इनपुट और आउटपुट में अंतर मिला। इसकी वजह से कई बार सीवर ओवरफ्लो की शिकायत आती है। मौके पर सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। पम्पिंग स्टेशन पर कार्य चलता मिला। महापौर ने कुएं के पानी के इनपुट और आउटपुट को ठीक करने के निर्देश दिए। सीवर पम्पिंग स्टेशन में शहर का सीवर का पानी आता है। इसके बाद मेन पम्पिंग स्टेशन में पंप किया जाता है।

इसके बाद सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से सीवर के पानी का डिस्पोजल किया जाता है। इंदिरापुरम क्षेत्र के सीवर के पानी का प्लांट से निस्तारण किया जा रहा है। इसका संचालन वबाग कंपनी द्वारा किया जा रहा है। महापौर ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि एसटीपी लगातार संचालित होता रहना चाहिए। ताकि शहर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या न हो सकें।