प्रमुख सचिव अमृत अभिजात बोले जिस पर्यावरण में हम सांस ले रहे है उसकी सुरक्षा एवं देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी

-जन्मदिवसों और शादी सालगिरहों पर भी करें पौधा रोपण: डीएम

गाजियाबाद। वृक्षारोपण तो जरूरी है ही परन्तु उनकी सुरक्षा एवं संरचना का भी ध्यान भी बेहद जरुरी है। जिस पर्यावरण में हम सांस ले रहे है उसकी सुरक्षा एवं देखभाल करना भी हम लोगों की है। यह अभियान पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। उक्त बातें प्रमुख सचिव नगर विकास उत्तर प्रदेश अमृत अभिजात ने शुक्रवार को वृहद वृक्षारोपण की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कहीं। उन्होंने कहा आओ मिलकर पौधा लगायें। एक पौधा मां के नाम, एक पौधा बेटी के नाम और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक पौधा भाई-बहन के नाम जरूर लगाये। मुख्य सचिव ने कहा कि जिस प्रकार से फल वाटिकाओं में आम वाटिका, सेब वाटिका, अमरूद वाटिका सहित अन्य होती हैं उसी के तर्ज पर बरगद, पीपल, सहजन सहित अन्य वृक्षों की अलग-अलग वाटिका बनाने के लिए कार्य करने की आवश्यकता हैं।

इसके साथ ही निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक पुत्री वाटिका विकसित करने के लिये कार्य योजना बनायी जाए जिसमें जिन घरों में पुत्रियों का जन्म होता है एवं पुत्रियों का विवाह होता है उन घरों में उनके द्वारा वृक्षारोपण की तैयारी की जा सकें। बैठक से पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर में आगमन पर उनको गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग ईशा तिवारी ने बताया पहले जनपद गाजियाबाद में कुल 10.55 लाख वृक्षों के सापेक्ष 12.68 लाख वृक्षारोपण कर रहे है। डीएफओ ईशा तिवारी ने कहा कि वृक्षारोपण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए 22 विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। जिसमें मुख्य पांच विभाग है, पंचायती राज को 3.80 लाख, नगर विकास विभाग को 3.28 लाख, वन विभाग को 1.26 लाख, पर्यावरण विभाग को 1.20 लाख, कृषि विभाग को .70 लाख का सहित अन्य विभागों को लक्ष्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।

बैठक के दौरान बताया कि वृक्षारोपण में 27 प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण किया जायेगा। वृक्षारोपण के दौरान प्रत्येक घंटे की रिर्पोट नोडल अधिकारी द्वारा वानिकी प्रभाग को भेजी जायेगी। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा वृक्षारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण व सुरक्षा भी होनी चाहिए। इसके साथ ही जन्मदिवसों और शादी सालगिरहों पर पौधा रोपण करना चाहिए और उनकी देखभाल के साथ रक्षा भी करनी चाहिए। उक्त बैठक में जीडीए सचिव अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीएम सिटी गम्भीर सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सलोनी, नगर निगम उद्यान विभाग डॉ. अनुज कुमार सिंह, डॉ. एसपी पाण्डेय, डीपीआरओ प्रदीप कुमार द्विवेदी, बीएसए ओपी यादव, विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों व नामित सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।