जनता दर्शन: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए

-समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
-स्थलीय निरीक्षण और फीडबैक प्रक्रिया को अनिवार्य किया गया
-भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों में त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निपटान सुनिश्चित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दर्शन में लगातार बढ़ रही शिकायतों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग, विद्युत, स्वास्थ्य, जिला आपूर्ति, पशुपालन, समाज कल्याण, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की बात को ध्यानपूर्वक सुना और यह भी जानकारी ली कि संबंधित समस्या के समाधान हेतु पूर्व में कोई प्रार्थना पत्र दिया गया था या नहीं।

उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां मौके पर जाकर जांच की जाए और वास्तविक स्थिति के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही शिकायतों के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना भी अनिवार्य किया गया, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि यदि उनकी कोई शिकायत है तो पहले संबंधित विभागीय अधिकारी को अवगत कराएं। यदि वहां समाधान नहीं होता है, तो जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में स्वयं उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें। जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (एल/ए) अवनीश, अपर जिलाधिकारी सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।