कांवड़ यात्रा: शराब की दुकानों पर आबकारी विभाग ने लगाया पर्दा

-कांवड़ यात्रा मार्ग पर अब खुलेआम नहीं होगी शराब की बिक्री
– व्यवस्था बनाए रखने के लिए आबकारी विभाग की टीमें रहेंगी मुस्तैद

गाजियाबाद। सावन शुरू होते ही मंगलवार से कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान भक्तगण पूरी श्रद्धा भाव के साथ पवित्र नदी का जल कलश (कांवड़) में भरकर लंबी यात्रा करके सावन शिवरात्रि के दिन भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा के चलते कांवडिय़ों एवं शिवभक्तों की यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन-पुलिस के साथ अब आबकारी विभाग ने भी अपनी तैयारी पुख्ता कर ली है। जिला आबकारी विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर दिल्ली-मेरठ मार्ग से लेकर मुरादनगर गंगनहर पटरी, पसौंडा, पाइप लाइन मार्ग से लेकर लोनी तक कांवड़ मार्ग पर पडऩे वाली 162 से ज्यादा शराब की दुकानों पर शामियाने एवं पर्दा लगाकर इन्हें ढक दिया गया हैं।

कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में खुलेआम शराब की बिक्री नहीं होगी। अंग्रेजी एवं देसी शराब, मॉडल शॉप एवं भांग की सभी दुकानों पर शामियाने एवं पर्दा लगाकर इन्हें ढक दिया गया। कांवड़ यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल असर न पड़े, इसके चलते यह कदम उठाया गया है। इन दुकानों के आस-पास खुली कैंटीन भी कवर की गई हैं। व्यवस्था बनाए रखने के लिए आबकारी विभाग की टीमों को भी मुस्तैद किया गया है। गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा को लेकर आवश्यक तैयारियों को अंजाम दिया गया है। इसके चलते कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जा रहा है।

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा मार्ग पर शराब की 162 दुकानों का चिन्हांकन किया गया है। इन दुकानों पर अब खुलेआम शराब नहीं बिक सकेगी। दुकानों के आस-पास कैंटीन भी पर्दे की आड़ में चलाई जा सकेंगी। पर्दे के पीछे से शराब की बिक्री की जा सकेगी। अंग्रेजी एवं देसी शराब, बीयर, मॉडल शॉप एवं भांग की दुकानों पर पर्दे लगवाए गए हैं। इस मार्ग पर सफाई व्यवस्था एवं असामाजिक तत्वों की संभावित हरकतों से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कादराबाद, मोदीनगर, मुरादनगर, मोरटा, दुहाई, राजनगर एक्सटेंशन, मेरठ रोड, घूकना, सिहानी सेवानगर, नंदग्राम, गुलधर, मोहन नगर, करहेड़ा, श्याम पार्क, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन, शहीद नगर, ज्ञानी बॉर्डर, टीला मोड, राजेेंद्र नगर, गरिमा गार्डन, लिंक रोड़, वंसुधरा, प्रहलाद गढ़ी, वैशाली, कौशांबी और लोनी आदि स्थानों पर शराब की दुकानों को पर्दे से कवर किया गया है।

कांवड़ यात्रा मार्ग पर शराब की दुकानों को तीन दिन के लिए बंद रखा जा सकता हैं। कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में यह बंदी लागू होने की संभावना है। मगर अभी ऐसा कोई आदेश नहीं आया है। यदि ऐसा होता है तो आबकारी विभाग को 12 से 15 करोड़ रुपए राजस्व की हानि उठानी पड़ सकती है। उन्होंने बताया शिव भक्तों की श्रद्धा का भी ध्यान रखा जा रहा है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर शराब की सभी दुकानों के साथ-साथ और कैंटीन को भी पर्दे से कवर करा दिया गया है। कांवड़ यात्रा के समापन होने तक आगामी 15 जुलाई तक यह शराब की दुकानें शामियानों से ढकी हुई रहेंगी।

कांवड़ यात्रा के समापन होने के बाद इन्हें हटा लिया जाएगा। किसी भी दुकान के आस-पास चिकनाई युक्त खाद्य सामग्री खुले में पड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। कांवड़ यात्रा मार्ग पर शराब की दुकानों को बंद रखने अथवा ना रखने को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इस बारे में प्रशासन के साथ बातचीत की जा रही है। इस मामले पर जल्द कोई निर्णय ले लिया जाएगा। फिलहाल सभी शराब विक्रेताओं को पर्दे के पीछे से शराब की बिक्री करने के निर्देश दिए गए हैं।