10 अक्टूबर से कविनगर रामलीला का होगा शुभारंभ

-रामलीला मैदान में मंत्रोच्चारण के साथ हुआ भूमि पूजन

गाजियाबाद। कविनगर स्थित रामलीला मैदान में आगामी 10 अक्टूबर से रामलीला का शुभारंभ होगा। रविवार को श्री धार्मिक रामलीला समिति कविनगर की ओर से रामलीला मैदान में मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया गया।
श्री धार्मिक रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, महामंत्री भूपेंद्र चोपड़ा ने समिति पदाधिकारियों की मौजूदगी में पंडित द्वारा हवन एवं मंत्रोच्चारण करने के बाद भूमि पूजन किया। भूमि पूजन में पहुंचे महापौर सुनीता दयाल, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक अतुल गर्ग, एमएलसी दिनेश गोयल, पूर्व राज्यमंत्री सतीश शर्मा आदि का समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

इस दौरान अजय जैन, गुलशन बजाज, तरूण चौटानी, दिवाकर सिंघल, दिव्यांशु सिंघल आदि ने स्वागत किया। सरदार मंजीत सिंह, सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू, डॉ. बीके शर्मा, अजय गुप्ता, दीपक अग्रवाल आदि मौजूद रहे। रविवार को कविनगर के रामलीला मैदान में भूमि पूजन किया गया। इसमें शहर से बडी संख्या में राम भक्त पहुंचे। भूमि पूजन से पहले हवन का आयोजन किया गया। हवन में राम भक्तों ने आहुति देकर भगवान राम से अपने सभी भक्तों पर कृपा बनाए रखने व विश्व कल्याण की प्रार्थना की। भगवान की आरती के बाद भगवान राम के जयकारों के साथ भूमि पूजन हुआ।

कविनगर रामलीला समिति के अध्यक्ष ललित जायसवाल व महामंत्री भूपेंद्र चोपड़ा ने बताया कि रामलीला का शुभारंभ 10 अक्टूबर को गणेश पूजन से होगा। 11 अक्टूबर को माता की चौकी का आयोजन होगा। इसमें जसविंदर नरूला माता रानी की महिमा का गुणगान करेंगी। 16 अक्टूबर को भगवान राम की राम बारात निकलेगी। राम बारात में दिल्ली, गुरूग्राम, फरीदाबाद, आगरा, अलीगढ़, सहारनपुर, हरिद्वार आदि शहरों की लगभग 100 झांकियां, बैंड आदि शामिल रहेंगे। रामलीला का मंचन नए मंच पर होगा। रामलीला का मंचन इस बार भी राजीव राज गुप्ता व उनकी मंडली द्वारा किया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। नए मंच पर आधुनिक तकनीक के साथ रामलीला मंचन को देखने का इस बार अलग ही अनुभव व आनंद रहेगा।