कोविड-19 : ब्राजील को पछाड़ दुनिया में नंबर-2 भारत

-मरीजों की संख्या 41 लाख से ज्यादा, 70,626 की अब तक मौत
-पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 90,632 नए केस सामने आए

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की रफ्तार धीमी होती नजर नहीं आ रही है। नतीजन कोरोनो मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण भारत अब ब्राजील को पीछे छोड़कर दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पहले स्थान पर अमेरिका है। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 41 लाख को पार कर गया है। ब्राजील में कोरोना मरीज की संख्या 40 लाख है। देश में कोरोना संक्रमण का प्रकोप और खौफ निरंतर जारी है। टेस्टिंग बढ़ाए जाने के बाद से संक्रमितों की संख्या में जबरदस्त उछाल आया है। वर्तमान में भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 41 लाख 13 हजार हो गई है। देश में रिकॉर्ड 90 हजार 632 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। यह आंकड़ा किसी के दिन में अब तक की सर्वाधिक संख्या है। पिछले 24 घंटे में 1065 नागरिकों की मौत भी हो गई है। इससे पहले देश में 5 सितंबर को सबसे ज्यादा 86 हजार 432 मामले सामने आए थे। भारत में आज तक 70 हजार 626 मरीजों की जान जा चुकी है। फिलहाल एक्टिव केस की संख्या 8 लाख 62 हजार है। 31 लाख 80 हजार मरीज स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। आईसीएमआर की मानें तो कोरोना वायरस के 54 फीसदी केस 18 से 44 साल की उम्र के नागरिकों से जुड़े हैं। जबकि कोरोना से 51 फीसदी मौतें 60 साल और उससे अधिक उम्र के नागरिकों में हुई है। कोरोना वायरस के 5 सितम्बर तक कुल 4 करोड़ 88 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है। आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडू, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम आदि राज्यों में कोरोना के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। देश में अनलॉक-1 की प्रक्रिया आरंभ होने के बाद से कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ते चले गए हैं। इसका कारण नागरिकों द्वारा कोरोना प्रोटोकॉल का भली-भांति पालन न किया जाना भी है। घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग न करने और दो गज की दूरी के नियम की अनदेखी भारी पड़ रही है।