भू-माफियाओं ने तोड़ा प्राचीन मंदिर महापौर ने कराई एफआईआर

-मंदिर को तोड़ने वाले और सरकारी भूमि कब्जा करने वाले जाएंगे जेल: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। नगर निगम के विजयनगर जोन क्षेत्र में भू-माफियाओं ने निगम की सरकारी जमीन पर कब्जा करने के लिए प्राचीन शिव मंदिर को तोड़ डाला। मामले की सूचना मिलने पर महापौर सुनीता दयाल मौके पर पहुंची। महापौर ने कहा कि समिति बनाकर भव्य मंदिर बनाने का निर्णय लिया जाएगा। मंदिर को तोड़ने और सरकारी भूमि कब्जा करने वाले भू-माफियाओं को जेल भिजवाया जाएगा। दरअसल, महापौर सुनीता दयाल ने पूर्व में वार्ड-55 बी ब्लॉक राधे श्याम हलवाई के सामने विजयनगर में निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान देखा कि कुटी पर नगर निगम की 5000 वर्ग मीटर भूमि है। इस पर प्राचीन शिव मंदिर बना हुआ है। जबकि एक अवैध डेयरी,शेड बनाने के लिए पक्का निर्माण किया जा रहा था। भूमि पर कब्जा किए जाने के चलते कागजात मांगे गए। मगर कोई कागज नहीं दिखा पाए। सिजरे में उक्त भूमि नगर निगम के पार्क की है। एनजीटी के आदेश के तहत किसी भी पार्क में पक्का निर्माण नहीं किया जा सकता है। ऐसे में पार्क की जमीन पर कब्जा कर लिया गया।

मंगलवार को महापौर को सूचना मिली कि प्राचीन शिव मंदिर को भू-माफियाओं ने ध्वस्त कर दिया। महापौर वहां पर संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम, जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, डॉ. आशीष त्रिपाठी, देवी सिंह, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण, पार्षद संतोष राणा, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद गोपाल सिसोदिया व पुलिस फोर्स और प्रवर्तन दस्ते के साथ मौके पर पहुंची। महापौर ने भू-माफियाओं के खिलाफ  एफआईआर दर्ज कराने के लिए संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम को निर्देश दिए। वहां देखा कि प्राचीन शिव मंदिर पूर्ण रूप से ध्वस्त किया जा चुका है। पार्क पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त भूमि की बाउंड्रीवाल कर स्थानीय पार्षद के सहयोग से मंदिर समिति बनाई जाए।

यहां पर भव्य मंदिर का निर्माण किया जाए। इस भूमि पर बारात घर या पार्क विकसित किया जाए। ताकि भूमि पर कब्जा न किया जा सकें।महापौर ने वहां के लोगों से बात की। उन्हें लोगों ने बताया कि प्राचीन मंदिर बहुत पुराना था। इसे तोड़ दिया गया। मंदिर वहां पर ही बनाया जाए। इस मामले में नगर निगम के संपत्ति विभाग द्वारा विजयनगर थाने में भू-माफिया मोहित गुर्जर, राजेंद्र चतुर्वेदी,विपिन शर्मा, मनीष गुप्ता, विजयपाल सिंह, चंद्रकला गौतम, बाबू मुन्ना के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं। महापौर ने विजयनगर थाना प्रभारी को उक्त भू-माफियाओं की गिरफ्तारी करने के लिए उन्हें आदेश दिए।