-जलकल विभाग पर हुए सख्त, मांगी पंप ऑपरेटरों की सूची
गाजियाबाद। जन समस्याओं के निस्तारण के लिए मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिसमें 28 से संदर्भ प्राप्त हुए, अधिकांश समस्याएं निर्माण विभाग से संबंधित प्राप्त हुई। संभव में कई पार्षदों ने भी हिस्सा लिया और अपने क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की। मौके पर ही निगम अधिकारियों ने आई हुई समस्याओं पर कार्यवाही की। संभव के दौरान प्राप्त समस्याओं में वसुंधरा, मोहन नगर जोन से जलकल विभाग संबंधित समस्याएं प्राप्त हुई। पंप ऑपरेटर की उपस्थिति एवं कई पानी के कनेक्शन करने को लेकर समस्याएं सामने आई। जिस पर नगर आयुक्त द्वारा महाप्रबंधक जल एवं अन्य संबंधित अधिकारी को कार्यवाही के कड़े निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त द्वारा समस्त पंप ऑपरेटरों की उपस्थिति भी जानी। समस्त वार्डों में अधिकारियों को निरीक्षण करने के लिए भी कहा। जिसमें मौके पर प्राप्त समस्याओं के समाधान पर प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।
जलकल विभाग को प्राप्त समस्याओं पर तेजी से कार्य करने के लिए भी कहा गया। नगर आयुक्त ने कहा नगर निगम में आनी वाली सभी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण किया जाए। अधिकारी खुद भी वार्डों में जाकर निरीक्षण करें, जिससे क्षेत्र की समस्याओं को समय रहते ही निस्तारित किया जा सकेंं। अधिकारी ध्यान दें, संभव जनसुनवाई के अलावा उनके विभाग से संबंधित उनके कार्यालय में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में भी तत्परता दिखाए। जिससे शिकायत के निस्तारण के लिए लोगों को बार-बार निगम के चक्कर न काटने पड़े। संभव में संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा, उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार, महाप्रबंधक जल केपी आनंद, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, निर्माण विभाग की टीम व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा प्राप्त समस्याओं पर तत्काल कार्यवाही की गई।
















