गाजियाबाद में 22.92 करोड़ के विकास कार्यों का शंखनाद, महापौर और विधायकों ने रखी विकास की नई नींव

-शहर में सड़कों, नालों और इंटरलॉकिंग निर्माण से बदलेगी तस्वीर, लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
-ट्रांस हिंडन में 15.39 करोड़ और सिस हिंडन में 7.53 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास
-भाजपा जनप्रतिनिधियों ने विकास को बताया प्राथमिकता, जनता की जरूरतों के अनुसार होंगे कार्य

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए महापौर सुनीता दयाल ने सोमवार को विधायकों अजीत पाल त्यागी और संजीव शर्मा के साथ करीब 22 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। नारियल फोड़कर और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू किए गए इन कार्यों में सड़कों का निर्माण, नालों और नालियों का विकास, सड़क किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने तथा सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम लगातार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों से सड़क, नाली, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित प्रस्ताव प्राप्त होते रहते हैं। पार्षदों द्वारा क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए विकास कार्यों की मांग की जाती है, जिसके बाद तकनीकी सर्वे और आकलन कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य है कि शहर का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता न रहे।

महापौर ने बताया कि आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है, उनमें लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से सड़क किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स का निर्माण, करीब 6 करोड़ 92 लाख रुपये से नई सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत तथा लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज और नालों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद लाखों नागरिकों को आवागमन, जल निकासी और स्वच्छता संबंधी बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण नगर निगम को पर्याप्त संसाधन मिल रहे हैं, जिससे तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि नगर निगम और महापौर के नेतृत्व में उनके विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है और लोगों में इन कार्यों को लेकर उत्साह और संतोष का वातावरण है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऐसी कोई सड़क या नाली नहीं छोड़ी जाएगी जहां विकास की किरण न पहुंचे। प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सभी जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य कर रहे हैं और जनता का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। शहर विधायक विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश और प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। गाजियाबाद में भी उसी सोच के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर त्वरित कार्रवाई और विकास कार्यों की स्वीकृति भाजपा सरकार की कार्यशैली की पहचान है। विजय नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा और शहर की तस्वीर बदलेगी। शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्यों में वसुंधरा सेक्टर-1 में क्षतिग्रस्त सड़कों, आरसीसी नालियों और साइड पटरी पर टाइल्स निर्माण, विजय नगर में एनएच-9 से कृष्णा जिम तक सड़क निर्माण, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में सड़क सुधार कार्य, रघुनाथपुरी में सीसी रोड और नाले का निर्माण, संयुक्त जिला अस्पताल के बाहर नाला निर्माण, शंकर विहार में विभिन्न गलियों की सड़कें, जागृति विहार में सड़क निर्माण तथा रामप्रस्थ क्षेत्र में मुख्य नाले के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त मोहन नगर जोन में मौर्य रोड पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने, शालीमार गार्डन क्षेत्र में 150 फुटा रोड के दोनों ओर रोड बाइंडिंग और इंटरलॉकिंग निर्माण तथा 80 फुटा रोड पर छत्रपति शिवाजी चौक से श्मशान घाट तक इंटरलॉकिंग टाइल्स के निर्माण जैसे बड़े कार्य भी शुरू किए गए हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ट्रांस हिंडन और सिस हिंडन दोनों क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा जलभराव जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी। कार्यक्रम में पार्षद सतेन्द्र चौधरी, रवि भाटी, राहुल शर्मा, संजय रावत, श्याम, कविता भाटी, श्री भगवान अग्रवाल, पवन गौतम, अजय शर्मा, मंजू, ओमवती देवी, नरेश जाटव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि गाजियाबाद को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी लगातार जारी रहेगी।