पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित डार्क पॉइंट को रोशन करने में जुटा प्रकाश विभाग

-235 में से 222 स्थलों से नगर निगम ने दूर किया अंधेरा
-गाजियाबाद 311 ऐप पर 2061 शिकायतों में 1860 का हुआ निस्तारण

गाजियाबाद। सड़कें अब शाम होते ही रोशन हो जाएंगी। नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाली स्ट्रीट लाइटों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वार्ड के अंदर आंतरिक गलियों में भी लाइटों की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। जिसमें क्षेत्रीय पार्षद भी अपनी अहम भूमिका निभा रहे है। दरअसल खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट से शाम होते ही अंधेरा हो जाता है। जिस कारण आपराधिक घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा डार्क प्वाइंट चिन्हित किए गए, जहां पर अंधेरा रहता था। पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित किए गए डार्क प्वाइंट पर नगर निगम ने भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रकाश विभाग मुख्य चौराहा पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लगी हुई लाइटों को रोस्टर अनुसार जांच कर रहा है और खराब पड़ी लाइटों को तत्काल ठीक भी कर रहा है। जिससे लोगों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर निगम के प्रकाश प्रभारी आस कुमार ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार ऐसी डार्क पॉइंट जहां पर अंधेरा रहता था। उनको भी चिन्हित किया गया है। वहां भी लाइट आवश्यकता अनुसार लगवाई जा रही है। इसी के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षदों और गाजियाबाद 311 ऐप पर आने वाली प्रकाश संबंधित समस्याओं का नियमित रूप से निस्तारण किया जा रहा है। सभी जोन में प्रतिदिन औसतन 150 से 200 लाइटों की मरम्मत का कार्य किया जाता है। इसी के साथ-साथ पुलिस विभाग द्वारा सेफ सिटी के अंतर्गत बताए गए ऐसे डार्क पॉइंट जहां अंधेरा बना रहता है, उन पर तेजी से कार्य कराया जा रहा है। प्रमुख रूप से वसुंधरा जोन, विजयनगर और मोहन नगर जोन में चिन्हित डार्क प्वाइंटों पर कार्य किया गया। 235 में से 222 पर कार्य पूरा हो चुका है। अन्य पर कार्यवाही तेजी से चल रही है।

आवश्यकता अनुसार पोल भी लगाए गए है। डार्क पॉइंट को प्रज्वलित करने का कार्य किया गया है। इसके साथ ही लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है। वर्तमान में सेक्टर 3 वैशाली, सेक्टर 3 राजेंद्र नगर, गुलमोहर ग्रीन रोड राजेंद्र नगर, करेहड़ा रोड मोहन नगर पोल पर लाइट लगाने का कार्य, पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित डार्क स्थलों पर किया गया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया शहर में जन सहयोग से लाइटों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। गाजियाबाद 311 ऐप पर 4 माह में 2061 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 1860 का निस्तारण कराया जा चुका है। अन्य शिकायतों पर कार्य तेजी किया जा रहा है। अधिकारियों को गाजियाबाद 311 ऐप पर प्राप्त होने वाली समस्याओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए है।