22 जनवरी को गाजियाबाद में बंद रहेगी शराब की दुकानें

गाजियाबाद। अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन की जोरदार तैयारी हो रही है। भव्य आयोजन में देश विदेश से हजारों श्रद्धालु और वीआईपी अतिथि शामिल होंगे। 22 जनवरी को रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो जाएंगे। मूर्ति को राम मंदिर के गर्भगृह में विधि विधान से स्थापित कर दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने 22 जनवरी को ड्राई डे घोषित किया है। ऐतिहासिक तिथि की पवित्रता बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश में शराब की दुकानों को खोलने की इजाजत नहीं होगी। आबकारी आयुक्त की तरफ से सभी जिलाधिकारियों को आदेश जारी कर दिया गया है। जिलाधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया शासन के निर्देशानुसार जनपद गाजियाबाद में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर लाइसेंसधारक शराब की दुकानों को खोल नहीं सकेंगे। देशी, विदेशी शराब और बीयर की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेगी।

शासन के निर्देशों का शत प्रतिशत पालन हो, इसके लिए आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते यह सुनिश्चित करेंगी कि कहीं किसी अनुज्ञापी ने दुकान तो नहीं खोली हुई है। इसके साथ ही अवैध रूप से शराब तस्करी करने वालों पर भी पूरी तरह से सतर्कता बरतने के लिए आबकारी विभाग के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए है। जिला आबकारी अधिकारी ने जनपद के लाइसेंसी और आबकारी निरीक्षकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी क्षेत्र में शराब की दुकानें खुली या फिर चोरी-छिपे दुकान से शराब की बिक्री होते हुए पाई गई तो संबंधित लाइसेंसी के साथ-साथ आबकारी निरीक्षक की भी जवाबदेही तय होगी और संबंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 22 जनवरी को शराबबंदी के लिए अभी से सभी अनुज्ञापियों को दिए गए आदेशों को पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है।