लोकसभा चुनाव: मतदान करने को जिला प्रशासन की जागरूकता फैलाने की अपील

गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव-2024 का शंखनाद बज जाने के बाद अब जिला प्रशासन भी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। शनिवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सीडीओ अभिनव गोपाल, उप मनोरंजन कर आयुक्त यादवेंद्र अजय, मनोरंजन कर अधिकारी अंजली कुशवाहा, स्वीप टीम के सदस्यों की मौजूदगी में जनपद में मॉल,मल्टीप्लेक्स,सिनेमा प्रबंधकों के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर बैठक की। जिलाधिकारी ने मतदान करने के लिए ओर अधिक जागरूकता फैलाने की अपील की है। बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व के चुनावों में जनपद के लिए अत्यंत कम वोटिंग प्रतिशत के दृष्टिगत मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से सभी मॉल्स, मल्टीप्लेक्स तथा सिनेमाओं को इस के लिए आगे आने की अपील की है।

मॉल्स को लोकतंत्र की थीम पर डेकोरेट करने, मतदान करने के पश्चात मॉल्स,मल्टीप्लेक्स व सिनेमाओं में आगंतुकों में अमिट स्याही वाले मतदाताओं को शॉपिंग करने पर विशेष छूट प्रदान करने, कैरी बैग तथा बिल पर स्टिकर और मुहर वोट फॉर गाजियाबाद अंकित करने और उपभोक्ताओं के उपलब्ध विवरण को एसएमएस के माध्यम से मतदान करने के लिए जागरूक करने तथा मॉल्स व सिनेमाओं में जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली ऑडियो, वीडियो क्लिपस का संचालन करने और पोस्टरों पर प्रदर्शित कराएंगे। मॉल्स, मल्टीप्लेक्स में आई प्लेज टू वोट थीम का सेल्फी प्वाइंट स्थापित कराएंगे। मतदान की समाप्ति के बाद सर्वश्रेष्ठ थीम बेस्ड डेकोरोशन करने वाले प्रथम तीन मॉल्स को जिला प्रशासन द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।