लोकसभा चुनाव: 3200 बूथों पर नगर निगम की तैयारी पूरी अधिकारियों ने लिया जायजा

-पोलिंग के समय भी अलर्ट रहें विभागीय अधिकारी: नगर आयुक्त
-सुव्यवस्थित के साथ-साथ सुसज्जित किए गए पिंक एवं मॉडल बूथ

गाजियाबाद। लोकसभा सीट पर आज यानि कि 26 अप्रैल शुक्रवार को होने वाले मतदान से पहले ही गुरूवार को नगर निगम ने मॉडल बूथ, पिंक बूथ समेत 3200 पोलिंग बूथों को सजाकर तैयार कर दिया। इसके साथ ही निगम अधिकारियों ने पोलिंग बूथों का जायजा भी लिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृतव में तैयार किए गए 3200 पोलिंग बूथों पर मतदाता आज अपना वोट डाल सकेंगे।नगर आयुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को आज मतदान के समय अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण यादव ने सभी पोलिंग बूथों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदाताओं के लिए तैयार किए गए बूथों पर विशेष ध्यान दिया गया। निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि नगर निगम सीमा अंतर्गत 408 मतदान केंद्रों पर मतदाता सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं। इन पर बैठने की व्यवस्था और धूप से बचने के लिए टेंट लगाए गए है। इसी के साथ लगभग 9000 से ज्यादा गद्दे की व्यवस्था भी कराई गई है।

जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांग बूथ भी बनाए गए हैं। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में इंदिरापुरम के शक्तिखंड स्थित कैंब्रिज स्कूल के कक्ष संख्या-1,मोदीनगर विधानसभा में गोविंदपुरी स्थित आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में दक्षिण भवन, मुरादनगर विधानसभा में नेहरू नगर स्थित गाजियाबाद पब्लिक स्कूल ईस्ट विंग, गाजियाबाद शहर विधानसभा में पटेलनगर स्थित चौधरी छब्बील दास पब्लिक स्कूल पूर्व विंग कक्ष संख्या-3 में दिव्यांग बूथ बनाए गए हैं। महिला मतदाता के लिए पिंक बूथ बनाए गए। इनमें साहिबाबाद में दिल्ली पब्लिक स्कूल शक्तिखंड-4 इंदिरापुरम, मुरादनगर में सेक्टर-23 संजयनगर स्थित ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल,गाजियाबाद शहर में हापुड़ रोड मोड़ स्थित ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय में पिंक बूथ बनाया गया है। युवाओं के लिए साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में राजनगर एक्सटेंशन स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, मुरादनगर विधानसभा में शाहपुर-बम्हैटा स्थित सिटी अपार्टमेंट क्लब हाउस आदित्य वल्र्ड सिटी, गाजियाबाद शहर विधानसभा में सेक्टर-11 प्रताप विहार स्थित गोल्डन पब्लिक स्कूल में बूथ बनाए गए हैं।

मॉडल बूथ साहिबाबाद क्षेत्र के खेतान पब्लिक स्कूल राजेंद्र नगर, मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनगर स्थित शिलर इंस्टीट्यूट, गाजियाबाद शहर विधानसभा में मेंटेनेंस ऑफिसर महागुन मस्कट क्रॉसिंग रिपब्लिक में बूथ बनाए गए हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 3200 पोलिंग बूथों पर सभी तैयारी कर ली गई। इनमें  सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। महिलाओं और दिव्यांगजन के साथ युवाओं के लिए पोलिंग बूथों पर समावेशी व्यवस्था कराई गई है। पोलिंग केंद्रों पर फीडिंग प्वाइंट, छोटे बच्चों के लिए क्रैच की सुविधा, सेल्फी क्योस्क, रैंप, रेलिंग की व्यवस्था शौचालय के निर्माण, मोबाइल टॉयलेट, पानी के लिए टैंकरों की सुविधा, मतदान सहायता केंद्र के लिए 15 बाई 15 का अस्थाई टेंट की व्यवस्था कराई गई हैं। नगर आयुक्त ने मतदाताओं से अपना महत्वपूर्ण मत का उपयोग करने के लिए अपील की हैं। उन्होंने अधिकारियों को आज मतदान के दिन अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए है।यह अधिकारी टीम के साथ मतदान केंद्रों पर अपनी-अपनी  जिम्मेदारी के साथ मुस्तैद रहेंगे।