लोकसभा चुनाव: 29,41,624 मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों का भविष्य

-भाजपा-अतुल, कांग्रेस-डॉली शर्मा, बसपा से नंदकिशोर समेत 14 दिग्गज प्रत्याशी मैदान मे
-वोटरों के लिए पांचों विधानसभा में बनाए गए 841 मतदान केंद्र, मतदेय स्थल-3195

गाजियाबाद। आप जब यह खबर पढ़ रहे होंगे, उस वक्त लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव के लिए गाजियाबाद लोकसभा सीट पर मतदान शुरू हो चुका होगा। इससे पहले कल शाम बुधवार को प्रचार पर ब्रेक लग गया और सियासी दलों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए डोर टू डोर प्रचार किया। जनपद गाजियाबाद में 29,41,624 मतदाता है। जो आज प्रत्याशियों का भविष्य तय करेंगे। शुक्रवार आज 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अर्धसैनिक बल, पीएसी व पुलिस फोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होगा। गुरुवार को मतदान कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले मतदान कार्मिकों की शहर के तीन स्थलों से बूथों के लिए रवानगी हुई। जिला प्रशासन ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। हालांकि भारी अव्यवस्था के बीच शाम तक पोलिंग पार्टियां अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना हो गई।

29 जोन में बांटे गए जनपद में लगभग 15 हजार कर्मचारी आज मतदान कराएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल पर पहुंचकर मतदान कार्मिकों महिला, पुरूषों की हौसला अफजाई भी की। उन्हें मतदान का सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए हौसला बढ़ाया। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर आज होने वाले मतदान के लिए 29,41,624 मतदाता नया सांसद चुनेंगे। लोकसभा सीट पर तीन प्रमुख राजनीतिक दलों भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अतुल गर्ग, इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा और बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर समेत 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

इन दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला यह 29,41,624 मतदाता करेंगे। मतदान शाम 6 बजे तक होगा। उसके बाद दिग्गज उम्मीदवारों को ईवीएम में भाग्य कैद होने के बाद स्ट्रांग रूम में पहुंच जाएगा। मतदाताओं के लिए जनपद की पांच विधानसभा क्षेत्र में 841 मतदान केंद्र और 3195 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। संसदीय सीट की साहिबाबाद, गाजियाबाद शहर, लोनी, मुरादनगर व धौलाना आंशिक विधानसभा में वोट डाले जाएंगे। खास बात यह है कि जनपद की मोदी नगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता बागपत लोकसभा सीट के लिए अपना वोट करेंगे।यानि कि जनपद से दो सांसदों के लिए मतदाता वोट डालेंगे।

15 हजार अधिकारी व कर्मचारियों पर मतदान कराने की जिम्मेदारी
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर आज होने वाले सांसद के लिए मतदान का जिम्मा 15 हजार अधिकारियों व कर्मचारियों पर होगा। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल मतदान कराने के लिए जनपद को 29 जोन में बांटा गया हैं। जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र में 841 मतदान केंद्र के 3195 मतदेय स्थलों पर सुबह सात बजे से मतदान कराया जाएगा। इनमें सबसे अधिक मतदेय स्थल साहिबाबाद में 1,127 बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए पहली बार सोसायटियों में भी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस बार शहरी क्षेत्र में अधिक मतदान केंद्र हैं। शहरी क्षेत्र में 708 और ग्रामीण क्षेत्र में 125 मतदान केंद्र हैं। वहीं, शहरी क्षेत्र में 2,762 मतदेय स्थल और ग्रामीण में 330 मतदेय स्थल हैं।

जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि जितनी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की आवश्यकता थी उससे अधिक मशीनें रखी गई हैं। मतदान के दिन सुबह 5:30 बजे से 7:00 बजे तक मॉक पोलिंग होगी। इस दौरान अगर कोई ईवीएम मशीन काम नहीं कर रही होगी तो तत्काल दूसरी मुहैया कराई जाएगी। सभी तहसीलों पर अतिरिक्त ईवीएम रखी गई है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 29 जोनल अधिकारी और 192 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 3195 पोलिंग बूथों पर 270 सुपरवाइजर भी तैनात रहेंगे। सबसे अधिक 57 सेक्टर मजिस्ट्रेट साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। इसके बाद लोनी में 41, मुरादनगर में 35, गाजियाबाद में 22 और धौलाना में 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने सभी 833 पोलिंग स्टेशन और 3195 पोलिंग बूथों को 29 जोन और 192 सेक्टर में बांटा है। जिसमें लोनी में 3 जोन में 41 सेक्टर, मुरादनगर में 7 जोन में 35 सेक्टर, साहिबाबाद में 7 जोन में 57 सेक्टर, गाजियाबाद में 4 जोन में 22 सेक्टर और धौलाना में 8 जोन में 37 सेक्टर बांटे गए हैं।

विधानसभा वार मतदान केंद्र व मतदेय स्थल:
लोनी 146 केंद्र 530 मतदेय स्थल,मुरादनगर-153 केंद्र,515 मतदेय स्थल,साहिबाबाद-263 केंद्र 1127 मतदेय स्थल, गाजियाबाद-119 केंद्र 506 मतदेय स्थल,धौलाना आंशिक-152 केंद्र व 414 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। लोकसभा सीट पर आज होने वाले मतदान के बाद लोकसभा चुनाव लड़ रहे 14 दिग्गज उम्मीदवारों का भाग्य भी इलेक्ट्रिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो जाएगा। लोकसभा सीट पर चुनाव मैदान में इन 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 29,41,624 मतदाता करेंगे। मतदाताओं के लिए कुल 841 मतदान केंद्र और मतदेय स्थल-3195 बनाए गए हैं।

लोकसभा सीट का रिकॉर्ड रहा है कि यहां पर चुनाव के मैदान में उतरे स्टार प्रत्याशी के सामने अपनी जमानत राशि भी बचाना चुनौती रही हैं। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी अतुल गर्ग व इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा और बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर के बीच ही दिख रहा है। इन तीनों प्रमुख दलों केे प्रत्याशियों के अलावा 11 अन्य प्रत्याशी भी क्षेत्रीय दल व निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।मगर इनके लिए फिलहाल अपनी जमानत राशि भी बचा पाना संभव नहीं दिख रहा है।

लोकसभा सीट पर मतदाताओं की कुल संख्या-29,41,624
लोनी विधानसभा-पुरुष मतदाता-290027 व महिला-233571 मतदाता,ट्रांस जेंडर-43 समेत कुल 5,23641 मतदाता है। मुरादनगर विधानसभा-पुरुष-252184,महिला-215185 समेत कुल-467395 मतदाता, साहिबाबाद-पुरुष-5,92664, महिला-460938 कुल-10,53661 मतदाता, गाजियाबाद शहर-पुरुष-261899, महिला-214409 कुल-476337 मतदाता, धौलाना आंशिक-पुरुष-224569,महिला-196001 कुल-424010 मतदाता हैं। इन पांचों विधानसभा को मिलाकर पुरुष मतदाता-16,21,343 व महिला मतदाता-13,20,104 और ट्रांस जेंडर-177 समेत कुल 29,41,624 मतदाता हैं।