साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें, नालियों की सफाई व्यवस्था रखें दुरुस्त: मयूर माहेश्वरी

-यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र का किया औचक निरीक्षण

गाजियाबाद। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों की सुविधा के लिए सड़कों, नाले-नालियों को दुरूस्त रखने के साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण करने के दौरान अधिकारियों से कहीं। निरीक्षण के दौरान यूपीसीडा के महाप्रबंधक सिविल, उप महाप्रबंधक, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप कुमार सत्यार्थी, वरिष्ठ प्रबंधक विद्युत, नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण यादव, विद्युत वितरण खंड द्वितीय के चीफ इंजीनियर अजय कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों, नालियों, कूड़ेदान, अतिक्रमण और विद्युत संबंधी कार्यों का जायजा लिया।

इसके बाद साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों और उद्यमियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में 1000 हजार स्ट्रीट लाईट एवं 22 हाई मास्क लाईट व ब्रिज विहार पुलिया के निर्माण के लिए लगभग 15 करोड़ रुपए स्वीकृत की जा चुकी हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन द्वारा विद्युत लाइनों को स्थानांतरित कराने के उपरांत पुलिया का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़कों, नालों, साईनेज बोर्ड के लिए 17.58 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई हैं। सीईओ ने नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरूण यादव को प्राथमिकता के आधार पर कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई, वेंडर जोन निर्धारित करने, ट्रक वाईलेन, धूल मुक्त सड़क व अवैध रैंप को हटाए और अतिक्रमण के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्युत सब स्टेशन के निर्माण के लिए यूपीसीडा द्वारा 913 वर्गमीटर भू-भाग विद्युत वितरण निगम को आवंटित किया जा चुका हैं। इसे शीघ्र ही सब स्टेशन का निर्माण कराने के लिए यूपीपीसीएल के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निवेश मित्र पोर्टल पर ऑनलाइन दी जा रही सुविधाओं जैसे भूखंडों का उप विभाजन, संविलियन, संविधान परिवर्तन, उत्पादकता प्रमाण पत्र आदि के बारे में भी विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। उद्यमियों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी के साथ बैठक में उनका स्वागत करते हुए औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन्यवाद प्रकट किया।