जय भीम के नारों से गूंजा मालीवाडा, सिंकदर यादव का किया स्वागत

-वादा करो, भूल जाओ की नीति पर भाजपा करती है काम: सिंकदर यादव

गाजियाबाद। मालीवाड़ा वार्ड नंबर-8 में सपा गठबंधन महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिंकदर यादव का शनिवार को पूर्व पार्षद हरिदत्त ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार स्वागत करते हुए नगर निकाय चुनाव में इस बार साइकिल चलवाने का आश्वासन दिया। सिंकदर यादव ने कहा वादा करो, भूल जाओ और बुनियादी मसलों से ध्यान हटाओ, भाजपा की यही रणनीति है। केंद्र में नौ साल और उत्तर प्रदेश में छह साल से सत्तासीन भाजपा सरकार ने एक भी ऐसा जनहित का काम नहीं किया, जिसे वह गिना सके।

आज गाजियाबाद की स्थिति कैसी है, वो किसी से छिपी नही है। शहर में व्यापारी और आम जनता भाजपा की नीतियों से परेशान है। भाजपा चुनाव में अपनी हार को देखकर अपनी षड्यंत्रकारी चालों के जरिए लोगों का ध्यान भटका कर एक बार फिर मतदाताओं को भ्रमित करना चाहती है। पर, जनता सतर्क और सावधान है। वह भाजपा के हर षड्यंत्र का जवाब देगी। नगर निकाय चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है। इस बार नगर निकाय चुनाव में भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने सभी से महापौर प्रत्याशी पूनम यादव को जिताने की अपील की।