सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा ने जनता को दी विकास की सौगात

  • 1 करोड़ 26 लाख 76 हजार की लागत से आठ स्थानों पर निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में विकास की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। शहर को आदर्श और आधुनिक स्वरूप देने के अभियान में रविवार का दिन बेहद अहम रहा। सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा ने एक साथ आठ स्थानों पर सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग से जुड़े निर्माण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। कुल 1 करोड़ 26 लाख 76 हजार रुपए की लागत से होने वाले इन कार्यों में 22 लाख 65 हजार की राशि सांसद निधि से और 1 करोड़ 4 लाख 11 हज़ार रुपए डूडा द्वारा खर्च किए जाएंगे। उद्घाटन अवसर पर सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश और उत्तर प्रदेश में विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। गाजियाबाद भी इस विकास यात्रा से अछूता नहीं रहेगा।

जनता की सुविधा और शहर के चहुमुखी विकास के लिए जो भी कार्य आवश्यक होंगे, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि उनका लक्ष्य गाजियाबाद को आदर्श शहर बनाना है और इसके लिए वे हर संभव प्रयास कर रहे हैं। रविवार को हुए कार्यक्रम में वार्ड-1 के खैरातीनगर में अतुल से ईश्वर के मकान तक लगभग दस लाख की लागत से सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इसी वार्ड के क्रिश्चियन नगर बागू में गली नंबर-5 में भी सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू हुआ। ब्लूम फील्ड पब्लिक स्कूल से भगत सिंह के मकान तक सांसद निधि से आठ लाख से अधिक की लागत से इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा कृष्णा नगर बागू के विभिन्न हिस्सों में डूडा द्वारा करोड़ों की लागत से कई नाली और इंटरलॉकिंग कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन कार्यों से न केवल इलाके का स्वरूप बदलेगा बल्कि स्थानीय निवासियों को जलभराव और आवागमन की समस्याओं से भी निजात मिलेगी।

विधायक संजीव शर्मा के मीडिया सलाहकार अजय चौपड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा लगातार गाजियाबाद के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका संकल्प है कि गाजियाबाद की जनता को किसी भी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहना पड़े। यही कारण है कि लगातार नए-नए निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया जा रहा है और आने वाले समय में इसका लाभ हर नागरिक को मिलेगा। गाजियाबाद में आठ स्थानों पर एक साथ हुए इन निर्माण कार्यों के उद्घाटन ने यह साबित कर दिया कि शहर का विकास अभियान ठोस गति पकड़ चुका है। सड़कों और नालियों का जाल बिछने से न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा बल्कि शहर को साफ-सुथरा और आधुनिक स्वरूप देने में भी मदद मिलेगी। सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा की यह पहल जनता की उम्मीदों को नया विश्वास दे रही है और यह भरोसा जता रही है कि विकास का यह सफर रुकने वाला नहीं है।