- संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने सुनी जनता की समस्याए, निस्तारण के निर्देश
- निर्माण, जलकल, स्वास्थ्य और टैक्स से जुड़ी 10 शिकायतों पर मौके से ही कार्रवाई शुरू, अधिकारियों को दी गई समयबद्ध निस्तारण की चेतावनी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद द्वारा आयोजित संभव जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र व प्रभावी समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं पर नगर आयुक्त पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए और मौके पर ही संबंधित विभागों को कार्रवाई प्रारंभ करने के आदेश दिए। संभव जनसुनवाई के दौरान कुल 10 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश शिकायतें निर्माण विभाग और जलकल विभाग से संबंधित रहीं। प्राप्त संदर्भों में निर्माण विभाग से तीन, जलकल विभाग से तीन, टैक्स विभाग से एक, स्वास्थ्य विभाग से दो तथा अन्य विभाग से एक शिकायत शामिल रही।
नगर आयुक्त ने प्रत्येक संदर्भ को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में गोविंदपुरम क्षेत्र से नाली निर्माण की मांग, लाल कुआं क्षेत्र से नालियों की सफाई, महाराजपुर साहिबाबाद क्षेत्र से जलापूर्ति संबंधी समस्या, भोपुरा क्षेत्र से सड़क निर्माण तथा पटेल नगर क्षेत्र से श्वान संबंधी समस्या जैसे अहम मामले सामने आए। इन सभी शिकायतों पर नगर आयुक्त के निर्देश पर संबंधित विभागों द्वारा तुरंत टीमों को मौके पर भेजकर कार्रवाई प्रारंभ करा दी गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संभव कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका तेज, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक संदर्भ का निस्तारण तय समय सीमा में किया जाना चाहिए। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, प्रभारी संपत्ति अधिकारी सुश्री पल्लवी सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को नगर निगम से त्वरित राहत मिल सके।
















