दुकानों का बाजार दर पर तय होगा किराया: विक्रमादित्य सिंह मलिक

-किराया बढ़ोतरी को लेकर व्यापारियों ने की नगर आयुक्त से मुलाकात

गाजियाबाद। नगर निगम की 1702 दुकानों के किराया बढ़ोतरी को लेकर चल रही खींचतान को लेकर मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक से दुकानों के किराए को लेकर शहर के व्यापारियों ने वार्ता की। व्यापारियों द्वारा नगर निगम की दुकानों का बढ़ाए जाने वाले किराया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने व्यापारियों के समक्ष व्यक्त किया कि इसके लिए समिति बनी हुई है। समिति के निर्णय के आधार पर दुकानों का किराया बाजार दर पर तय होगा। समिति द्वारा निगम की दुकानों का किराया बढ़ाने का विचार किया है। इसमें व्यापारी वर्ग को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इसका पूरा ध्यान रखा गया है। बाजार दर के आधार पर दुकानों का किराया बढ़ाने की कार्रवाई चल रही हैं। महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में समिति ने कई बिंदुओं पर चर्चा की है।

जिसमें कवि नगर सी ब्लॉक, गोल मार्केट, राजनगर मार्केट, मोहन नगर, लाजपत नगर, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन, रामानुज दयाल मार्केट, अर्थला, विजयनगर डी ब्लॉक मार्केट व अन्य निगम की दुकानों का किराया बाजार की दर पर बढ़ाने का विचार किया गया है। इसके साथ ही वहां के दुकानदारों की आय को भी ध्यान में रखा गया है। व्यापारियों ने इस पर अपनी सहमति जताई। नगर आयुक्त ने व्यापारियों की समस्या को विस्तार से दूर किया। दुकानों के किराए को दुकानदार मार्च-2024 तक जमा करता है तो दुकानदार को एक साल की छूट भी दी जाएगी। वर्ष-2023-24 का ही किराया देना होगा। आगामी कितने वर्ष बाद किस प्रकार किराया बढ़ाना है। इसका निर्णय सदन द्वारा किया जाएगा। निगम बोर्ड बैठक में जब से दुकान आवंटित हुई है तब से किराया बढ़ाने की बात रखी गई थी। मगर समिति वर्तमान में सिर्फ 2 साल का ही किराया वसूलने के लिए विचार कर रही है।

निगम की दुकान से तथा बड़े हुए किराए से आपत्ति आती है तो दुकान को नीलामी का निर्णय लेने पर विचार किया जाएगा। व्यापारियों तथा निगम दोनों का हित ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। नगर निगम की आय बढ़ने से शहर में बेहतर कार्य होंगे। दुकानदारों की आय भी प्रभावित नहीं होगी। नगर आयुक्त ने व्यापारियों से बातचीत में समिति का पक्ष रखा। व्यापारियों से अन्य व्यापारियों को विषय विस्तार से समझाने के लिए अपील की। इस दौरान  मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राजू छाबड़ा, गौरव गर्ग सर्राफा एसोसिएशन, अनिल सांवरिया, गोल मार्केट अध्यक्ष संजीव लाहोरिया आदि व्यापारी उपस्थित रहे।