जनता दर्शन में नगर आयुक्त ने लोगों की समस्या सुन कराया समाधान

-आरडब्लूए पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

गाजियाबाद। शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए गुरुवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने जनता दर्शन के दौरान आए हुए लोगों की समस्याओं का निस्तारण कराया। जिसमें मुख्य रुप से जल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए चर्चा की गई। इसके अलावा टैक्स संबंधित समस्याओं पर भी तत्काल निस्तारण की कार्यवाही की गई। राजनगर के आरडब्ल्यूए से दीपक अग्रवाल, विजयनगर से निवर्तमान पार्षद पिंटू, मोरटा से निवर्तमान पार्षद प्रवीण, वार्ड संख्या 24 से निवर्तमान पार्षद आनंद चौधरी व अन्य उपस्थित लोगों नेे जल व्यवस्था को बेहतर करने के लिए चर्चा की। नगर आयुक्त के निर्देश पर लगातार शहर में निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों द्वारा जल आपूर्ति के लिए हैंड पंप, समरसेबिल की लगातार जांच की जा रही है।

खराब पड़े हैंड पंप एवं समरसेबिल को ठीक भी कराया जा रहा है। जनता दर्शन के दौरान लगभग शहर से 18 शिकायत प्राप्त हुई। जिन पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा शहर की समस्याओं का निस्तारण करना ही मेरी प्राथमिकता है। लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए जरुरी नहीं की लोग सिर्फ संभव जनसुनवाई कार्यक्रम के दिन ही आएं। कार्य दिवस में कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या से संबंधित शिकायत लेकर नगर निगम कार्यालय आ सकता हैं। सभी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनता दर्शन के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव मौके पर उपस्थित रहे।