-150 सफाई मित्रों को पीपीई किट और कंबल वितरित, 600 ने ली स्वच्छता की शपथ
-सहभोज और संवाद से बढ़ा उत्साह, नगर निगम ने सुरक्षा औषधालय खोलने के दिए आदेश
-स्वच्छ भारत मिशन में गाजियाबाद बनेगा उत्तर प्रदेश का नंबर-1: विक्रमादित्य सिंह मलिक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ठंड के मौसम में शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी संभालने वाले सफाई मित्रों को राहत, सम्मान और सुरक्षा का भरोसा देने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर मंगलवार को अकबरपुर बहरामपुर स्थित ट्रांसफर स्टेशन में एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ सामग्री वितरण तक सीमित नहीं था, बल्कि सफाई मित्रों में आत्मसम्मान, कार्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को नई ऊर्जा देना भी था। कार्यक्रम में लगभग 600 सफाई मित्र उपस्थित रहे, जिनके साथ नगर आयुक्त और नगर निगम की पूरी स्वास्थ्य विभाग टीम ने स्वच्छता की सामूहिक शपथ ली। नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता और सफाई मित्रों की सुरक्षा नगर निगम की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और यही संकल्प निगम को प्रदेश में अग्रणी बनाएगा।
उन्होंने सफाई मित्रों को नगर निगम का आधार स्तंभ बताते हुए कहा कि स्वच्छता की सफलता उन्हीं के परिश्रम से संभव होती है, इसलिए उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान निगम की प्राथमिकता में है। नगर आयुक्त ने 150 सफाई मित्रों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण किट (पीपीई किट) भेंट की, जिसमें जूते, मास्क, दस्ताने, सुरक्षा जैकेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री शामिल थी। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग अनिवार्य है, क्योंकि स्वस्थ और सुरक्षित सफाई मित्र ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रख सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त तथा निगम की स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा सफाई मित्रों को कंबल भी वितरित किए गए, ताकि कड़कड़ाती ठंड में कार्य के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में जेएस एनवायरो प्राइवेट लिमिटेड की टीम ने विशेष सहयोग निभाया। सफाई मित्रों के सम्मान, सुरक्षा सामग्री वितरण और आयोजन व्यवस्था में कंपनी की भूमिका सराहनीय रही। मौके पर मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी और जेएस एनवायरो के प्रबंध निदेशक जीवन उपाध्याय भी उपस्थित रहे। प्रबंध निदेशक जीवन उपाध्याय ने कहा कि सफाई मित्रों का सम्मान और सुरक्षा समाज और उद्योग जगत की भी जिम्मेदारी है और निगम के साथ मिलकर इस दिशा में कार्य करना उनके लिए गर्व की बात है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि निगम के सफाई मित्रों को निरंतर स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जा रहा है। सुरक्षा शिविरों का आयोजन जारी है, जूते, मास्क और दस्ताने का वितरण किया जा रहा है और औषधालय शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि औषधालय के संचालन से सफाई मित्रों को ड्यूटी के दौरान त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी, जिससे कार्य के दौरान दुर्घटना या स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित होगी। नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों के लिए किए जा रहे कार्य सिर्फ योजनाओं का हिस्सा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना का प्रतीक बनकर उभरे हैं। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्थायी औषधालय, सुरक्षा सामग्री वितरण, परिवार संवाद, सहभोज और सामूहिक शपथ ने यह संदेश दिया कि शहर की स्वच्छता तभी मजबूत होगी, जब सफाई मित्र सुरक्षित और सम्मानित होंगे। यह आयोजन सुशासन और जनसेवा की दिशा में नगर निगम का नया अध्याय लिख चुका है।
सफाई मित्रों संग संवाद और परिवारों की कुशलक्षेम
नगर आयुक्त ने सामग्री वितरण के बाद सफाई मित्रों के बीच बैठकर सीधा संवाद किया। उन्होंने एक-एक कर उनके परिवारों की स्थिति, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, आर्थिक हालात और सामाजिक जरूरतों की जानकारी ली। इस संवेदनशील वार्ता ने सफाई मित्रों में निगम नेतृत्व के प्रति नया भरोसा पैदा किया। कई सफाई मित्रों ने बताया कि पहली बार किसी नगर आयुक्त ने इतनी आत्मीयता से उनका हाल पूछा और उन्हें सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि निगम परिवार का सदस्य समझा।
औषधालय की शुरुआत, स्वास्थ्य जांच होगी नि:शुल्क
नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों की स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश और उनकी टीम को निर्देश दिया कि अकबरपुर बहरामपुर क्षेत्र में सफाई मित्रों के लिए स्थायी औषधालय शुरू करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि इस औषधालय में सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच पूरी तरह नि:शुल्क होगी, ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों की टीम हर समय उपस्थित रहेगी, प्राथमिक उपचार की सुविधा मिलेगी और समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों का भी संचालन किया जाएगा। यह औषधालय सफाई मित्रों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
स्वच्छ भारत मिशन में गाजियाबाद बनेगा नंबर-1
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गाजियाबाद नगर निगम पूरे समर्पण से कार्य कर रहा है और इस बार उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद प्रथम स्थान पर आएगा। उन्होंने सफाई मित्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छता सिर्फ काम नहीं, सेवा है और यही सेवा शहर की सुंदरता और नागरिकों के स्वास्थ्य की गारंटी बनती है। उन्होंने सफाई मित्रों से कहा कि हर दिन की मेहनत को वे राष्ट्र निर्माण का योगदान समझें, क्योंकि यही योगदान उन्हें और गाजियाबाद को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाता है।


















