नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का संकल्प: गाजियाबाद को बनाएंगे हरियाली और साफ-सुथरी सड़क का प्रतीक

-मेरठ रोड से दुहाई कट तक ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण, राजनगर एक्सटेंशन रेड लाइट चौराहा बदलेगा स्वरूप, अवैध पोस्टर हटाने और वायु गुणवत्ता सुधार पर जोर
-नगर आयुक्त ने ग्रीन बेल्ट और रोड सुधार का किया निरीक्षण, अवैध पोस्टर हटाने और वायु गुणवत्ता सुधार पर जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की सड़कों और ग्रीन बेल्ट को स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित बनाने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बुधवार को गाजियाबाद में व्यापक निरीक्षण अभियान का नेतृत्व किया। नगर आयुक्त ने मेरठ रोड से दुहाई कट तक फैली ग्रीन बेल्ट, राजनगर एक्सटेंशन रेड लाइट चौराहे और शहर की अन्य प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध पोस्टर, बैनर और होर्डिंग तुरंत हटाए जाएँ। नगर आयुक्त मलिक ने निरीक्षण के दौरान कहा कि शहर की सुंदरता, वायु गुणवत्ता और नागरिकों की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखकर सभी सुधारात्मक कार्य किए जाएँ। उन्होंने अभियान को व्यापक और निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि पूरे शहर में एक समन्वित और प्रभावी सुधार दिखाई दे।
नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, चीफ इंजीनियर निर्माण एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान हापुड़ चुंगी से लेकर एएलटी चौक और सेक्टर-23 संजय नगर फ्लाईओवर होते हुए दुहाई कट तक के मार्गों का विस्तृत अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त ने वायु गुणवत्ता सुधार के लिए चलाए जा रहे पानी के छिड़काव अभियान, वॉटर स्प्रिंकलर और एंटी स्मोक गण का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सीएंडडी वेस्ट हटाने का कार्य नियमित रूप से कराया जाए। सफाई कर्मचारियों को प्रमुख मार्गों को धूल मुक्त करने का निर्देश दिया गया, वहीं राजनगर एक्सटेंशन रेड लाइट चौराहे पर डिवाइडर और सड़कों के किनारे की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने ग्रीन बेल्ट के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को निर्देश दिए कि ग्रीन बेल्ट में आवश्यक पेड़ों की कटिंग और नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को पूरे क्षेत्र में धूल मुक्त अभियान चलाने और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने अवैध पोस्टर और बैनरों को देखकर तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।

उन्होंने नमो भारत ट्रेन के पिलर पर लगे अवैध विज्ञापन पोस्टर को हटाने के लिए टीम को कड़ी हिदायत दी और पूरे शहर में ऐसे अवैध बोर्ड हटाने की जवाबदेही तय की। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की सुंदरता और सुरक्षा को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध तत्व को नगर निगम बर्दाश्त नहीं करेगा। विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शहर की सड़कों, चौराहों और ग्रीन बेल्ट की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और स्वास्थ्य की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग मिलकर इसे सुनिश्चित करें। नगर आयुक्त ने स्वयं मार्गों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को हर छोटे-बड़े सुधार कार्य की गाइडलाइन दी।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद शहर को न केवल साफ-सुथरा बल्कि पर्यावरण और वायु गुणवत्ता के दृष्टिकोण से भी मॉडल सिटी बनाना है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में चल रहे इस व्यापक अभियान से शहर में सफाई, ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण और अवैध पोस्टर हटाने का काम तेज गति से आगे बढ़ा है। यह कदम न केवल शहरवासियों के लिए हरा-भरा और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करेगा, बल्कि शहर की छवि को भी बेहतर बनाएगा। नागरिकों ने नगर आयुक्त की सक्रियता, दूरदर्शिता और सख्त कार्यशैली की सराहना की और इसे गाजियाबाद की तरक्की की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।