गर्मी में पशु पक्षियों के लिए नगर निगम ने की पानी की व्यवस्था

-पशु पक्षियों के लिए सार्वजनिक स्थलों पर बनाये गए नाद
-पशु पक्षियों एवं निराश्रित जंतुओं के लिए सर्वजन करें पेयजल में सहयोग: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून ..ज्येष्ठ की गर्मी में जहां प्यास के कारण गला सूख जाता है तो पानी पीकर ही जान में जान आती है। तालाबों और प्राकृतिक जल संसाधनों के कारण पशु पक्षियों के लिए पानी की उचित व्यवस्था करने में नगर निगम ने पशु पक्षियों की प्यास बुझाने का इंतजाम कर दिया है। नगर निगम ने पानी के लिए जगह-जगह नाद बनाए हैं। जिनमें नगर निगम प्रत्येक दिन पानी भरेगा ताकि पशु-पक्षी भीषण गर्मी में अपनी प्यास बुझा सकें। गर्मी के बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर निगम द्वारा जहां नंदी पार्क गौशाला में गोवंशों के लिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। पेयजल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गौशाला में पंखों एवं कूलर की व्यवस्था भी है।

गोवंशों को गर्मी से राहत देने के लिए दिन में दो बार उनको स्नान भी कराया जा रहा है। वही नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा पशु पक्षियों तथा निराश्रित जंतुओं के लिए भी सार्वजनिक स्थलों पर नाद बनवाकर पानी की व्यवस्था कराई गई है। सर्वजन से भी नगर आयुक्त द्वारा निराश्रित जंतुओं के लिए पानी की व्यवस्था की अपील की गई है। नगर आयुक्त का कहना है कि पशु-पक्षियों के लिए पेयजल व्यवस्था की गई है, जिसमें कई स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए पानी भर कर रखा है ताकि बढ़ती गर्मी से प्यासे पशु पक्षियों को पेयजल मिल सके। इस गर्मी के मौसम में पशु पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता बहुत जरूरी है। इस गर्मी के मौसम में पशु पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था जरूर करे। नगर आयुक्त ने शहर वासियों से अपने घरों के छत पर, घर के बाहर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की अपील की है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर अस्थाई रूप से पियाऊ लगाने के लिए भी अपील की गई है। नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जल, प्रभारी उद्यान को मुख्य रूप से पेयजल की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए निर्देश दिए है।

उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में सार्वजनिक स्थलों पर नाद बना कर पेयजल जीव जंतुओं के लिए रखा गया है। सभी जोन के अंतर्गत ये कार्य कराया गया है। जिससे पशु पक्षियों तथा निराश्रित जंतुओं को पानी की प्राप्ति हो सकें। नगर निगम जलकल विभाग द्वारा राहगीरों के लिए भी वाटर एटीएम एवं पियाऊ के माध्यम से पीने के पानी की व्यवस्था की जा रही है। पेड़ पौधों में भी नियमित सिंचाई का कार्य कराया जा रहा है। कई सामाजिक संस्थाएं भी गर्मी के दौरान पियाऊ लगाकर सहयोग कर रही हैं। पशु-पक्षियों का हमारे पर्यावरण में एक अत्यंत महत्वपूर्ण रोल है। पेड़-पौधों व पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए हर संभव कदम उठाना चाहिए। हम सब का कर्तव्य है कि हम इनके लिए पानी की व्यवस्था करें।