-नगर आयुक्त की सख्ती का असर, 209 करोड़ से अधिक की वसूली
गाजियाबाद। नगर निगम ने इस बार संपत्ति कर से जबरदस्त कमाई की। निगम ने लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया और वार्डों में जाकर कर वसूली शिविर भी लगाए। इन तमाम प्रयासों का सकारात्मक परिणाम देखने को मिला और जबरदस्त कमाई हुई। नगर निगम ने एक बार फिर से हाउस टैक्स की वसूली का पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। जिसके तहत पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष करीब 3 करोड़ रुपये की अधिक वसूली हुई है। जबकि अभी मार्च में करीब 40 से 50 करोड़ वसूली की ओर संभावना है।
नगर निगम के खजाने को भरने में टैक्स विभाग अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में अब हाउस टैक्स की वसूली में बढ़ोतरी हो रही हैं। आगामी दिनों में लोकसभा चुनाव है, जिसके चलते 10 मार्च से पहले ज्यादा से ज्यादा टैक्स वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने नगर निगम के सभी जोनल प्रभारियों को टारगेट दिया हुआ है। टैक्स वसूली में जहां वसुंधरा नंबर एक पर है तो वहीं नंबर दो पर कविनगर जोन ने अपनी जगह बनाई हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष-2023-24 में जहां 206 करोड़ रुपए की वसूली की गई वहीं, फरवरी में इस बार 209 करोड़ से अधिक की वसूली कर ली गई। प्रदेश शासन ने नगर निगम का इस बार 313 करोड़ रुपए संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया था। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए 10 मार्च से पहले कर अधिक से अधिक टैक्स वसूली के लिए अभियान तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं। जोनल प्रभारियों को यह निर्देश दिए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में नगर निगम ने पांचों जोन से 206.67 करोड़ रुपए से ज्यादा संपत्ति कर वसूला था। वहीं, वित्तीय वर्ष 2023-24 में एक अप्रैल 2023 से 29 फरवरी तक 209.42 करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति कर वसूल लिया गया है।
वहीं वसुंधरा जोन से इस बार भी सबसे ज्यादा वसूली है। जिसमें वसुंधरा जोन से सबसे ज्यादा 90.54 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली हुई है, जो कि बीते वित्तीय वर्ष से 7.55 करोड़ रुपए अधिक है। जबकि दूसरे नंबर पर कविनगर जोन है, पिछले वित्तीय वर्ष से 1.11 करोड़ रुपए अधिक 40.15 करोड़ रुपए की संपत्ति कर वसूली की गई। नगर निगम टैक्स वसूली के लिए अभियान चलाकर लगातार कार्यवाही कर रहा है। टैक्स जमा नहीं करने वाले 300 से अधिक बकायेदारों की संपत्तियों पर सीलिंग की कार्यवाही कर चुका है। अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर निगम का टैक्स विभाग जागरूकता अभियान के साथ-साथ सीलिंग की कार्यवाही को भी आगे बढ़ा रहा है।
नगर निगम के मुख्य कर अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि 10 मार्च तक वसूली अभियान तेज करने के लिए जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। टैक्स वसूली के लिए प्रतिदिन अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। गृह कर नहीं जमा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाई जा रही है। जिन क्षेत्रों में भवनों पर टैक्स नहीं लगा है। उन भवनों पर शीघ्र टैक्स लगाकर वसूली करने की कार्रवाई की जा रही है। टैक्स वसूली बढ़ाने और शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है।
जोनवार टैक्स वसूली की धनराशि
वसुंधरा 90,549,2441
मोहननगर 30,360,4123
कविनगर 40,155,6163
सिटी 36,739,4435
विजयनगर 11,617,9817















