गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर नगर निगम ने दिया स्वच्छता का संदेश

-महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती पर गुरूवार को गाजियाबाद नगर निगम ने स्वच्छता का संदेश देते हुए शहरवासियों को कचरा पृथक्करण और गंदगी मुक्त शहर बनाने के लिए प्रेरित किया। नगर निगम मुख्यालय और लोहिया नगर स्थित गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रमों में महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस वर्ष गांधी जयंती और दशहरा एक ही दिन पर पडऩे के कारण नगर निगम ने इस अवसर का उपयोग शहरवासियों को स्वच्छता पर विजय पाने का संदेश देने के लिए किया। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए नागरिकों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान पार्षदों और अधिकारियों ने देशभक्ति के नारे भी लगाए और शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में सफाई मित्रों का विशेष सम्मान किया गया।

महापौर और नगर आयुक्त ने पीपी किट वितरित करके उन्हें सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। रैग पीकर्स को भी पीपी किट उपलब्ध कराई गई और शहर की स्वच्छता में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अंत में महापौर ने सभी सफाई मित्रों के साथ सेल्फी लेकर सम्मानित किया, जिससे उनका मनोबल और बढ़ा। नगर निगम द्वारा आयोजित 156वीं गांधी जयंती के उपलक्ष्य में 156 घंटे महासफाई अभियान का समापन भी इस दिन किया गया। अभियान के दौरान शहर के अस्थाई कूड़ा घरों को भी विलोपित किया गया और नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्रों में सफाई और कचरा पृथक्करण पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों से कहा कि वे केवल सफाई करने तक सीमित न रहें, बल्कि हर घर को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम भी करें।

महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने दोहराया कि गंदगी रूपी राक्षस का अंत करने के लिए कचरा पृथक्करण बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों से कचरा पृथक करके नगर निगम को सहयोग दें। शहरवासियों को स्वच्छता अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने और सतत सक्रिय रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पार्षदों, नगर निगम के अधिकारियों और कई सामाजिक संस्थाओं ने भी भाग लिया। उन्होंने सभी नागरिकों को यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि सम्मान और जिम्मेदारी भी है। महापौर ने नगर निगम अधिकारियों और पार्षदों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और सफाई मित्रों की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्श और उनके योगदान को याद किया गया। महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि इन महान व्यक्तियों के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में वास्तविक बदलाव और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

इस अवसर पर नगर निगम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। महापौर सुनीता दयाल ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और मोहल्लों में स्वच्छता का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि गंदगी और कचरे से लडऩे का अभियान जारी रहेगा, ताकि गाजियाबाद को देश के स्वच्छतम और स्वस्थतम शहरों में शामिल किया जा सके। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, चीफ इंजीनियर निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, महाप्रबंधक जल के.पी. आनंद, प्रभारी प्रकाश आश कुमार सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।