-डीएम की अध्यक्षता में मेट्रो स्टेशनों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक
-मेट्रो स्टेशनों से सम्बंधित शिकायतों का जल्द करें स्थायी समाधान
गाजियाबाद। शहर में मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के समक्ष आने वाली समस्याओं का निस्तारण करने के लिए जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए। गुरूवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने मेट्रो ब्लू लाइन के प्रबंधक परिचालन ललित कुमार घई,रेड लाइन से विभा कुमार,वैशाली और कौशांबी मेट्रो स्टेशन के प्रबंधक आरसी श्रीवास्तव,एडीसीपी ट्रैफिक पीयूष कुमार सिंह,पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रामराजा,जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह,नगर निगम के अधिशासी अभियंता देशराज सिंह,जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह आदि अधिकारी व मेट्रो स्टेशन के प्रबंधक उपस्थित हुए। बैठक में जिलाधिकारी ने क्रम से सभी समस्याओं को सुना। हिंडन रिवर व राज बाग स्टेशन परिसर में बंदरों द्वारा यात्रियों को क्षति पहुंचाने का खतरा बना रहने की बात कहीं। इस पर उन्होंने कहा कि इस मामले में मेट्रो ट्रेन प्रबंधक खुद समाधान करें। कानून के अनुसार बंदरों पर पकड़ने पर रोक हैं।
हिंडन रिवर के पास अंडरपास में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पर नगर निगम व डीएमआरसी समन्वय कर इसका समाधान करें। दो दिन के भीतर उन्हें भी अवगत कराएं। अर्थला मेट्रो स्टेशन के बाहर सीवर का काम चलने से यात्रियों के आवागमन में अवरोध तथा गंदगी हो रही हैं। इसका समाधान हो चुका हैं। जिलाधिकारी ने मोहननगर व वैशाली मेट्रो स्टेशन के बाहर रोड पर गंदगी की शिकायत पर नगर निगम नियमित रूप से यहां पर सफाई और सौंदर्यीकरण की व्यवस्था कर समस्या का स्थाई रूप से निदान करने के निर्देश दिए। कौशांबी मेट्रो स्टेशन के बाहर गंदगी होने से यात्रियों के आवागमन में अवरोध पर नगर निगम स्टेशन के बाहर नाली पर डीएमआरसी से समन्वय कर कवर लगाने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कौशांबी,वैशाली,शहीद स्थल(नया बस अड्डा),हिंडन रिवर,मोहन नगर, राजबाग स्टेशनों के बार फेरी वालों,विक्रेताओं, ई-रिक्शा तथा ऑटो-रिक्शा के कारण यात्रियों के आवागमन में अवरोध होता है।
इस पर एडीसीपी ट्रैफिक को निर्देश दिए कि विक्रेताओं को इस तरह से नियंत्रित किया जाए कि वे यात्रियों की आवाजाही में बाधा न डालें। ई-रिक्शा तथा ऑटो-रिक्शा क्रम से खड़े ना होने से होने वाली परेशानी को यातायात पुलिस इसका समाधान करेगी और सुनियोजित ढंग से इन वाहनों का प्रबंधन करें। पीडब्ल्यूडी से संबंधित शिकायत में अर्थला मेट्रो स्टेशन के बाहर सड़क का काम से परेशानी की शिकायत थी। इसका निस्तारण हो चुका था। शहीद नगर स्टेशन के बाहर की सड़क टूटी हुई है, जिसके के कारण यात्रियों के आवागमन में अवरोध रहता है।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को इसका समाधान करने के निर्देश दिए। डीएमआरसी दो दिन के भीतर इस समस्या को जिलाधिकारी के समक्ष अलग से प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग से संबंधित शहीद स्थल, कौशांबी व वैशाली मेट्रो स्टेशनों के बाहर भिखारियों के कारण यात्रियों के आवागमन में अवरोध होने पर कहा कि भिखारियों को ऐसे स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है,जिससे वे यात्रियों की आवाजाही में बाधा न डालें,यातायात पुलिस इस समस्या का समाधान करें और सुनियोजित ढंग से इनकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

















