अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी उत्साहित
मुंबई। देशभर में विरोध और नाम बदलने के बाद फिल्म लक्ष्मी का नया पोस्टर रिलीज हो गया है। नए पोस्टर में अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री कियारा आडवाणी दिखाई दे रहे हैं। यह फिल्म 9 नवम्बर को ओटीटी प्लेटफार्म डिज्नी हॉट स्टार पर रिलीज की जाएगी। सोशल मीडिया पर फिल्म के नए पोस्टर पर विभिन्न प्रतिक्रिया मिल रही हैं। अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म लक्ष्मी बम का नाम बदल गया है। यह फिल्म अब लक्ष्मी के नाम से रिलीज की जाएगी। फिल्म के पहले नाम पर काफी विवाद उभरा था। जाने-माने अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी फिल्म का नाम लक्ष्मी बम रखे जाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि यह हिंदू देवी मां लक्ष्मी का अपमान करना है। उन्होंने फिल्म का नाम बदले जाने की मुहिम का समर्थन किया था। अब अभिनेता अक्षय कुमार ने खुद अपने ट्विटर हैंडल से पोस्ट शेयर कर फिल्म के नए पोस्टर की जानकारी दी है। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि अब हर घर में आएगी लक्ष्मी। फिल्म के पोस्ट में अक्षय के साथ कियारा आडवाणी दिखाई दे रही हैं। फिल्म का पोस्टर ट्विटर पर ट्रेंड भी कर रहा है। इसके पहले ट्रेलर रिलीज होने के बाद से फिल्म विवादों में घिर गई थी। फिल्म को प्रतिबंधित करने की मांग जोर-शोर से उठी थी। विवाद बढऩे पर फिल्म का नाम बदल दिया गया है। सीबीएफसी के साथ चर्चा के उपरांत यह निर्णय लिया गया। फिल्म के निर्माता शबीना खान, तुषार कपूर और अक्षय कुमार ने टाइटल लक्ष्मी करने का फैसला लिया था। इस फिल्म में अक्षय कुमार एक ट्रांसजेंडर की भूमिका में भी नजर आएंगे। अक्षय का यह फिल्मी किरदार अभी से चर्चाओं में है। अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी भी फिल्म की रिलीज के लिए बेकरार हैं। बता दें कि कोरोना काल में बड़े पर्दे पर कोई भी फिल्म रिलीज नहीं की जा रही है। दरअसल अनुमति मिलने के बाद भी सिनेमाघरों में अभी दर्शक नहीं पहुंच रहे हैं।















