प्लास्टिक मुक्त अभियान में न किया जाए किसी भी व्यापारी को परेशान: मेयर

-प्लास्टिक मुक्त के खिलाफ अभियान में व्यापारी करें नगर निगम का सहयोग

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। जिसकी बहुत आवश्यकता है, देश एवं शहर को प्लास्टिक मुक्त नहीं किया गया तो हमारी आने वाली पीढ़ी इस प्लास्टिक के कहर से बच नहीं पायेगी। प्लास्टिक मुक्त करने के लिए सरकार बहुत सराहनीय कार्य कर रही है। जिसमे शहरवासियों को भी भरपूर सहयोग देना चाहिए। उक्त बातें शनिवार को नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे प्लास्टिक मुक्त अभियान में शहरवासियों को जागरूक करते हुए मेयर सुनीता दयाल ने कहीं। उन्होंने कहा प्लास्टिक मुक्त अभियान प्रदेश के सभी नगर निकाय में चल रहा है। जिसमें नगर निगम के सभी जोनों में यह कार्य कर रहा है। लेकिन इस  अभियान को चलाते समय किसी व्यापारी को परेशान न किया जाए। विनम्रता के साथ अभियान चलाया जाए।

हाल ही में ज्ञात हुआ है कि निगम अधिकारी जबरन दुकान में घुसकर सामान उठक पटक कर कार्यवाही कर रहे है, जिसका व्यापारी द्वारा विरोध किया जा रहा है। व्यापारी के द्वारा विरोध करने पर जबरन कार्यवाही की जा रही है, यह बहुत गलत है। यह किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, अगर इस तरह कार्य किया जाएगा तो ठीक नहीं होगा। इससे नगर निगम की छवि धूमिल होगी और शहर का माहौल खराब होगा। प्लास्टिक से मुक्ति सभी चाहते है, लेकिन नगर निगम विनम्रता से कार्यवाही करेगा तो शहर और व्यापारी कार्यवाही का सहयोग करेंगे। मेयर ने व्यापारियों से अपील भी की है विनम्रता के साथ व्यापारी नगर निगम का सहयोग करे और हम सब मिलकर प्लास्टिक मुक्त देश बनाए।