दिल्ली के बाद नोएडा का कूड़ा पहुंचा गाजियाबाद, महापौर ने कराई एफआईआर

-कूडा डालने की शिकायत पर रात 12 बजे विजय नगर पहुंची महापौर, दो ट्रैक्टर जब्त
गाजियाबाद। नगर निगम सीमा में रात में चोरी-छिपे औद्योगिक क्षेत्र में कूड़ा डालते हुए 2 ट्रैक्टर-ट्राली को अब महापौर सुनीता दयाल ने पकड़ा है। शनिवार की रात में 12 बजे लाला,बलवीर,गोपाल आदि लोगों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली में कूड़ा भरकर विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से डालने की शिकायत मिली थी। शिकायत पर महापौर सुनीता दयाल ने कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, पार्षद कन्हैया लाल,पूर्व पार्षद ललित कश्यप,ड्राइवर एवं अन्य सहयोगियों को तत्काल बुलाया। रात में महापौर विजयनगर क्षेत्र में पहुंची।वहां जाकर देखा तो दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्रॉसिंग रिपब्लिक, अंसल गु्रप हाउसिंग और नोएडा का कूड़ा निगम सीमा में डाला जा रहा था। इसे तत्काल रोका गया। पूछने पर ट्रैक्टर चालक ने बताया कि हमें तो यह कूड़ा वार्ड-27 विजयनगर क्षेत्र में डालने को कहा गया है। पिछले काफी दिनों से यहां कूड़ा लाया जा रहा है। वह क्रॉसिंग रिपब्लिक, अंसल और नोएडा का कूड़ा लाते है। महापौर ने सहयोगियों को ट्रैक्टर की चाबी लेने को कहा और रात में ही कूड़े से लदी दोनों टै्रक्टर-ट्रॉली को जब्त कर विजयनगर जोन में खड़ा करा दिया।
बता दें कि महापौर ने पिछले महीने पार्षदों के साथ दिल्ली के कूड़े से भरे ट्रक को कूड़ा डालते हुए पकड़ा था। महापौर ने कहा कि निगम सीमा में क्रॉसिंग रिपब्लिक,अंसल व नोएडा का कूड़ा नहीं डालने दूंगी। निगम सीमा में संबंधित की ड्यूटी तय होगी।वहीं,महापौर द्वारा पकड़े गए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर विजयनगर जोन के गैराज में खड़ा किया गया है। इस संबंध में विजयनगर जोन के सफाई निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने विजयनगर थाने में राहुल, विष्णु आदि द्वारा कूड़ा डालने को लेकर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। उन्होंने तहरीर में कहा कि निगम सीमा में कूड़ा फेंकना नियम विरुद्ध है। पर्यावरण संरक्षण-1916 की धारा-7 का उल्लंघन है। इनके खिलाफ जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाए। महापौर सुनीता दयाल ने रविवार की सुबह नगर आयुक्त व निगम अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद महापौर सुनीता दयाल ने कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, पार्षद कन्हैया लाल, पूर्व पार्षद ललित कश्यप,पार्षद नीरज गोयल, पूर्व पार्षद मुकेश गर्ग, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, जोनल सफाई निरीक्षण ओमपाल, सफाई निरीक्षक नरेंद्र कुमार आदि के निगम अधिकारियों के साथ विजय नगर जोन में पहुंचकर बैठक की।
महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश कुमार को कहा कि जब ग्रुप हाउसिंग हाईराइज इंटीग्रेटेड सोसाइटी को स्वयं कूड़े का निस्तारण करना होता है। तो फिर यह सोसायटी स्वयं बल्क में कूड़ा जनरेट की स्वयं निस्तारण न कर निगम सीमा में डाल रहे हैं। महापौर ने निर्देश दिए कि क्रॉसिंग रिपब्लिक,अंसल और नोएडा क्षेत्र का कूड़ा निगम सीमा क्षेत्र में नहीं आना चाहिए।अगर निगम सीमा में यहां का कूड़ा आया तो सफाई निरीक्षक की जिम्मेदारी होगी।पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉली छूटने नहीं चाहिए। ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि भविष्य में निगम सीमा क्षेत्र में कूड़ा डालने की हिम्मत न कर सकें। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि 15 दिन में हाईराइज ग्रुप हाउसिंग सोसायटी वाले कूड़े का स्वयं निस्तारण नहीं करते हैं तो सोसाइटी के एओए अध्यक्ष,सचिव व बिल्डर के खिलाफ निगम सॉलिड वेस्ट-2016 के नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होंगे।