-मधुबन-बापूधाम, पीएम आवास और बुनकर मार्ट सहित सभी प्रोजेक्ट पर तेज़ी से काम
-हर महीने समीक्षा बैठक में बाधाओं की पहचान और समाधान सुनिश्चित
-जीडीए के अधिकारी करेंगे प्रोजेक्ट की गति और अंतिम चरण में देरी का विश्लेषण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने शहर में निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए कड़ा निर्देश जारी किया है। उनका फोकस अब उन प्रोजेक्टों की तेजी से समीक्षा और बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर है। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मधुबन-बापूधाम योजना के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन पांच प्रोजेक्ट, बुनकर मार्ट, राजनगर एक्सटेंशन स्थित जोनल रोड और नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड समेत सभी निर्माणाधीन प्रोजेक्टों को समय पर पूरा करने के लिए हर महीने समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में परियोजनाओं की धीमी गति और निर्माण में आने वाली बाधाओं की पहचान की जाएगी।
नंद किशोर कलाल ने प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर प्रोजेक्ट की फाइलों का विश्लेषण करें और निर्माण में आने वाली समस्याओं को तुरंत दूर करें। उनका मानना है कि इस तरह की मासिक समीक्षा से प्रोजेक्ट की गुणवत्ता और समयसीमा पर नियंत्रण रखना संभव होगा। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं में अधिकतर प्रोजेक्ट अंतिम चरण में हैं, जिनका निर्माण कई सालों से लंबित था। उपाध्यक्ष ने कहा कि इन प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने के बाद अन्य नए प्रोजेक्टों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि पूरे शहर में विकास कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रोजेक्ट में कोई अवरोध या तकनीकी समस्या आती है, तो उसे तुरंत उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।
इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहरवासियों को परियोजनाओं से समय पर लाभ मिले और निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल का कहना है कि जीडीए के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट न केवल शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करेंगे, बल्कि स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गाजियाबाद में इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात, आवासीय सुविधाओं और वाणिज्यिक क्षेत्रों में सुधार होगा। इस दिशा में नंद किशोर कलाल ने कहा कि जीडीए लगातार प्रोजेक्ट की प्रगति पर नजर रखेगा और निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।















