नववर्ष के शुभ अवसर पर सनातन सेवा संस्थान वैशाली में भव्य शोभायात्रा का आयोजन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सनातन सेवा संस्थान शाखा वैशाली द्वारा सनातन नव वर्ष के अवसर पर सोमवार को एक भव्य शोभायात्रा और कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सेक्टर 1, वैशाली बद्रीनाथ पार्क में किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल, पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा वैशाली सेक्टर 1 मंदिर से प्रारंभ होकर सेक्टर 3, सेक्टर 4, एवं सेक्टर 2 के मुख्य बाजारों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई।

इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे हर्षोल्लास के साथ सनातन नव वर्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने समाज में एकता और सनातन संस्कृति की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग वोट बैंक की राजनीति के लिए क्रूर शासक औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने सपा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा महान योद्धा राणा सांगा पर की गई टिप्पणी का विरोध किया और सनातन धर्म की वैज्ञानिकता एवं सार्वभौमिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के सभी लोगों से एकजुट रहने और सनातन संस्कृति के मूल्यों को अपनाने की अपील की।

इस आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एम.पी. पाठक, पार्षद कुसुम गोयल, अशोक चौबे, राजेश ओझा, कमल श्रॉफ सहित कई पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का अहम योगदान रहा। यह संस्था पिछले चार वर्षों से लगातार इस कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। कार्यक्रम में पार्षद राजकुमार भाटी, रविंद्र सैनी, सुभाष शर्मा, अवधेश कटियार, लालबिहारी पांडेय, शिव शंकर उपाध्याय, राजेश तिवारी, मिथलेश भगत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।