आज शाम 6 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे पीएम

देशवासियों से एक संदेश साझा करेंगे मोदी

नई दिल्ली। त्यौहारी सीजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोई महत्वपूर्ण ऐलान कर सकते हैं। इसके मद्देनजर वह आज शाम 6 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। कोरोना काल में वह निरंतर देशवासियों से मुखातिब हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि आज शाम 6 बजे राष्ट्र के नाम संदेश दूंगा। अपने देशवासियों से एक संदेश साझा करूंगा। आप जरूर जुड़ें। प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से देश के नाम संदेश के विषय पर कयास लगने भी शुरू हो गए हैं। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की शुरुआत के बाद से प्रधानमंत्री मोदी कई बार राष्ट्र के नाम संदेश जारी कर चुके हैं। सबसे पहले विगत 19 मार्च को उन्होंने देशवासियों से जनता कफ्र्यू की अपील की थी। इसके बाद 24 मार्च को 21 दिन के लॉक डाउन का ऐलान किया था। इसी क्रम में राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए 20 लाख करोड़ रुपए के पैकेज का भी ऐलान किया था। मंगलवार की शाम 6 बजे प्रधानमंत्री एक बार पुन: राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। उनके संदेश के विषय को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स विभिन्न प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दें कि कोरोना काल में देश की अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि अर्थव्यव्यस्था अब तेजी से पटरी पर लौट रही है। इसके अलावा चीन के साथ भारत का सीमा विवाद चरम पर है। वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारत और चीन की सेनाएं आमने-सामने हैं। पाकिस्तान भी निरंतर भारत के खिलाफ षडयंत्र रच रहा है। इसके अतिरिक्त बिहार में विधान सभा चुनाव नजदीक हैं। मध्य प्रदेश में 3 नवंबर को विधान सभा की कुछ सीटों पर उप-चुनाव होने हैं।