बिहार चुनाव में यूपी के सीएम योगी की एंट्री

पहली रैली में कांग्रेस और राजद पर साधा निशाना

पटना। बिहार विधान सभा के चुनावी मैदान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी एंट्री हो गई है। सीएम योगी ने मंगलवार से बिहार में जाकर चुनाव प्रचार आरंभ कर दिया है। पहली चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। कैमूर जनपद के रामगढ़ विधान सभा क्षेत्र में आयोजित रैली में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार और यूपी के पुराने और गहरे रिश्ते पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मानसिकता देश को विघटन की ओर ले जाने की है। हम देश, विकास और सबका साथ, सबका विकास की बात करते हैं। जबकि विपक्ष सिर्फ अपने परिवार की बात करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मानसिकता एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने की है। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों को मकान देते समय किसी की जाति या धर्म को नहीं देखा। बिजली कनेक्शन दिए, आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया, रसोई गैस के मुफ्त कनेक्शन दिए गए। यह काम राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार ने कभी नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एजेंडे में गरीब, किसान, नौजवान व महिलाएं नहीं थे। यहां सिर्फ एक परिवार देश में शासन करे यही एजेंडा था। राजद में भी 4 के अलावा किसी के पोस्टर पर फोटो नहीं दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसलिए बिहार में एनडीए की सरकार जरूरी है। भाषण को समाप्त करते समय मुख्यमंत्री योगी ने जय जय श्रीराम का नारा भी लगाया। बिहार में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ 3 दिन के भीतर डेढ़ दर्जन रैलियां करेंगे। बिहार चुनाव में जनता दल यूनाईटेड और भाजपा ने स्टार प्रचारक के तौर पर सीएम योगी की डिमांड की थी।