रोज़ बेल पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने बांधी तिरंगे रंग की राखी

-समाज के सच्चे नायकों को किया सम्मानित, 500 राखियाँ जाएँगी सैनिक भाइयों के लिए

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के मौके पर रोज बेल पब्लिक स्कूल का परिसर देशभक्ति और भाईचारे की भावनाओं से सराबोर रहा। तिरंगा राखी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम में छात्राओं ने समाज के सच्चे नायकों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया और देशसेवा के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर छात्राओं आर्तिका, दुर्गेश, अवनी, रश्मी, सोनाक्षी, परी, नीलम, अंशिका, छवि और जानवी ने क्षेत्र के विधायक संजीव शर्मा, थाना विजयनगर के एसएचओ शशि कुमार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.एल. त्रिपाठी, डॉ. शशांक त्रिपाठी, डॉ. विकल्प त्रिपाठी, पार्षद वार्ड-25 कन्हैया लाल और अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर के डॉ. निखिल त्रिवेदी को राखी बांधकर सम्मानित किया।

स्कूल के डायरेक्टर (एकेडमिक्स) यशमीत सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियां समाज के सच्चे नायकों का मनोबल बढ़ाती हैं और उन्हें और अधिक समर्पण से कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम के तहत विधायक संजीव शर्मा को 500 से अधिक तिरंगा राखियाँ भी भेंट की गईं, जिन्हें सैनिक भाइयों को भेजा जाएगा। ये सभी राखियाँ छात्रों ने तिरंगा राखी निर्माण प्रतियोगिता में स्वयं बनाई थीं, जिसमें कक्षा 5 से ऊपर के लगभग 50 % विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्कूल के डायरेक्टर (एडमिनिस्ट्रेशन) बलप्रीत सिंह ने भी बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। पूरे कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अमित गुप्ता ने किया।