आबकारी अधिकारी की जिले में सख्ती देख तस्कर हरियाणा से कर रहा था शराब तस्करी, गिरफ्तार

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जनपद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने की चल रही मुहिम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शराब तस्कर के कब्जे से हरियाणा शराब बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा सस्ती शराब को जिले में चोरी छिपे बेच रहा था। दरअसल जिले में आबकारी अधिकारी ने सभी विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए है कि कोई भी विक्रेता किसी भी व्यक्ति को नियम के विपरीत शराब न बेचें। साथ ही बार-बार दुकानों पर आकर शराब खरीदने वाले की जानकारी विभाग को दें। जिससे यह स्पष्ट हो सकें कि कहीं वह व्यक्ति दुकानों से शराब खरीद कर उसे बेचने के लिए तो नहीं ले रहा है। क्योंकि क्षेत्र में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वाले तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीद कर उसी शराब को रात में जैसे ही लाइसेंसी दुकानें बंद हो जाती थी, तब यह तस्कर चोरी छिपे उक्त शराब को महंगे दामों में बेचते थे।

दुकानों से शराब खरीदना अपराध है, मगर उसी शराब को आगे बेच देना अपराध की श्रेणी में आता है। दुकानों पर सख्ती होने के बाद कुछ विक्रेता गौतमबुद्ध नगर की सीमा से सटी हरियाणा राज्यों की दुकानों से सस्ती शराब खरीद कर क्षेत्र में तस्करी करने की फिराक में जुट गए है। रविवार रात को भी आबकारी विभाग की टीम ने दो हरियाणा शराब तस्करों को गिरफ्तार किया था। शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए ही आबकारी अधिकारी ने रात्रि अभियान की शुरुआत की हुई है। जिसमें तस्कर भी पकड़े जा रहे है।

शराब तस्करों के साथ शराब विक्रेताओं के कार्यों में भी सुधार के लिए आबकारी अधिकारी ने एक मुहिम छेड़ी हुई है। जिसके लिए खुद का एक नेटवर्क तैयार किया है। आबकारी अधिकारी के इस नेटवर्क में आमजन को शामिल किया गया है। जो प्रतिदिन दुकानों पर पहुंच कर ग्राहक के रूप में शराब की खरीदारी करते है और विक्रेताओं के कार्यों का अधिकारी को फीडबैक देते है। कहीं कोई विक्रेता अगर ग्राहक के साथ अभद्र व्यवहार और अवैध वसूली करता हुआ पाया जाता है तो तत्काल उस पर कार्रवाई भी की जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोमवार रात को आबकारी विभाग की टीम द्वारा थाना सूरजपुर स्थित विभिन्न स्थानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। बराही मंदिर के पास से तस्कर चेतन पुत्र मनबीर निवासी ग्राम बेना जेवर गौतमबुद्ध नगर को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से हरियाणा मार्का 40 फ्रेश मोटा संतरा मसालेदार देसी शराब बरामद किया गया। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। सभी विक्रेताओं के सख्त निर्देश दिए गए कि नियमानुसार शराब की बिक्री करें, और नियम के विरुद्ध किसी भी व्यक्ति को शराब न बेंचे। शराब पर ओवर रेटिंग को रोकने के लिए दुकानों पर लगातार गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराया जा रहा है। साथ ही टीम को भी निर्देश दिए गए है कि खुद भी निरीक्षण के साथ मुखबिर द्वारा दुकानों पर गुप्त रुप से टेस्ट परचेजिंग कराते रहें।