पूर्व मंत्री के भतीजे का शव मिलने से सनसनी

पंचायत चुनाव की राजनीति में हत्या का आरोप

लखनऊ। खनन घोटाले में घिरे पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के भतीजे शुभम का शव शुक्रवार को अमेठी में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीडि़त पक्ष ने शुभम की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। अमेली में रेल ट्रैक पर सुबह युवक का शव मिलने से एकाएक सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। बाद में मृतक की शिनाख्त शुभम (21) पुत्र जगदीश प्रजापति के रूप में हुई। जगदीश पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के सबसे छोटे भाई हैं। पुलिस का कहना है कि शुभम पूर्व मंत्री के आवास विकास स्थित आवास में रहता था। गुरुवार की देर रात तक वह घर नहीं लौटा था। पुलिस का कहना है कि शुभम का शव अमेठी के बारामासी खेरौना गांव में रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया है। शुभम 4 भाइयों में सबसे छोटा था। पीडि़त पक्ष का कहना है कि गांव में 2 नागरिकों के घर में कार्यक्रम थे। देर रात करीब 11 बजे तक शुभम कार्यक्रम में था। शुभम के बड़े भाई अरुण प्रजापति का आरोप है कि पंचायत चुनाव की राजनीति में शुभम की हत्या की गई है। उधर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिनेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अर्पित कपूर और प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि जीआरपी प्रतापगढ़ ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। घटना जीआरपी के क्षेत्र में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से शुभम की मौत का सही कारण सामने आने की उम्मीद है। बता दें कि तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार में गायत्री प्रसाद प्रजापति कैबिनेट मंत्री रहे थे। उनके खिलाफ खनन घोटाले में जांच भी चल रही है।