उत्तरांचल-पूर्वांचल भवन का तेजी से कराए निर्माण: वीके सिंह

-शहर की सफाई व्यवस्था देख नगर आयुक्त के कार्यों की केंद्रीय मंत्री ने की प्रशंसा

गाजियाबाद। केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री वीके सिंह ने नगर निगम द्वारा निर्माण कराए जा रहे उत्तरांचल एवं पूर्वांचल भवन के निर्माण में तेजी लाने के लिए नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ को निर्देश दिए है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने नगर आयुक्त के साथ मंगलवार को शहर में निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों के सुधार और उत्तरांचल व पूर्वांचल भवन के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने दोनों भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य योजनाओं के निर्माण की भी जानकारी ली। शहर की स्वच्छता को लेकर नगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों से भी नगर आयुक्त ने उन्हें अवगत कराया। उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के लिए कहा। ताकि स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम की अव्वल रैंकिंग आ सकें। केंद्रीय मंत्री ने नगर आयुक्त के कार्यों को देखकर उनकी प्रशंसा की और शहर की सफाई व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए मोटिवेट भी किया।