-शवदाह गृह से लेकर स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज, स्टैच्यू को परखा
-आदर्श पार्क में स्थापित सूर्य नमस्कार स्टैच्यू कार्य एवं ओपन जिम की सराहना की
-आदर्श पार्क में स्थापित सूर्य नमस्कार स्टैच्यू कार्य एवं ओपन जिम की सराहना की
गाजियाबाद। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत शहर में नगर निगम द्वारा कराए गए विकास कार्यों को लेकर बुधवार को मेरठ मंडल के अपर आयुक्त हिमांशु गौतम इन्हें परखने के लिए शहर में पहुंचे। मेरठ मंडल के अपर आयुक्त हिमांशु गौतम ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राम राजा के साथ राज्य स्मार्ट सिटी मिशन अंतर्गत निगम द्वारा कराए जा रहे योजनाओं पर कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, अवर अभियंता राजेंद्र सिंह आदि अधिकारी भी मौजूद रहे।
नगर निगम द्वारा शहर में योजना के तहत सभी पांचों जोन में 5 कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें इंदिरापुरम शक्ति खंड-4 स्थित हरित शवदाह गृह का निर्माण,गांव मकनपुर, कैलाभट्टा, सिहानी, चंद्रपुरी नवयुग मार्केट, साहिबाबाद, गांव महरौली स्थित नगर निगम बालिका विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेज का निर्माण, मधुबन-बापूधाम योजना स्थित कंपोजिट स्कूल को अभ्युदय कंपोजिट स्कूल में परिवर्तित करने का कार्य, वार्ड-50 नूरनगर सिहानी स्थित कंपोजिट स्कूल को अभ्युदय कंपोजिट स्कूल में परिवर्तित करने का कार्य, वार्ड-54 में सेक्टर-7 वसुंधरा स्थित आदर्श पार्क में सूर्य नमस्कार स्टैच्यू की स्थापना का कार्य शामिल है। मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. द्वारा गठित समिति को स्थलीय निरीक्षण कर जांच आख्या उपलब्ध कराने के दिए गए निर्देश के क्रम में बुधवार को अपर आयुक्त हिमांशु गौतम ने नगर आयुक्त व पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आदि अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। वार्ड-54 में सेक्टर-7 वसुंधरा स्थित आदर्श पार्क में पहले सूर्य नमस्कार स्टैच्यू की स्थापना के कार्य का निरीक्षण किया। आदर्श पार्क में स्थापित हुए सूर्य नमस्कार स्टैच्यू कार्य एवं ओपन जिम की अपर आयुक्त ने सराहना की। पार्क में आने वाले स्थानीय लोगों को योगा-अभ्यास आदि करने की प्रेरणा भी मिलेगी।
नगर आयुक्त ने आदर्श पार्क में स्थापित हुए सूर्य नमस्कार स्टैच्यू के फाउंडेशन पर अच्छी-अच्छी पेंटिंग कराने के लिए उद्यान प्रभारी को निर्देश दिए। ताकि पार्क में आने वालों लोगों का ध्यान स्टैच्यू की ओर आकर्षित हो। इसके बाद इंदिरापुरम शक्ति खंड-4 में बनाए गए हरित शवदाह गृह के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने अवगत कराया कि हरित शवदाह गृह में शव के निस्तारण में 75 प्रतिशत लकड़ी की बचत होगी। ईको फ्रेंडली होने के कारण वायु प्रदूषण में कमी होगी।
शव निस्तारण में समय की बचत होगी। इसके बाद नगर निगम बालिका विद्यालयोंं में स्मार्ट क्लासेज संचालित करने के लिए किए गए कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में उपस्थित बालिकाओं व शिक्षकों से जानकारी की गई। मौके पर स्मार्ट क्लास का प्रेजेंटेशन भी किया गया। विद्यालयों के कंपोजिट स्कूल से अभ्युदय कंपोजिट में परिवर्तित होने का जायजा लेते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा कराने के लिए चीफ इंजीनियर समेत अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए। अपर आयुक्त हिमांशु गौतम ने नगर निगम द्वारा राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे शहर में सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। कार्यों को देखकर प्रशंसा भी की।



















