उदय भूमि
गाजियाबाद। डासना स्थित एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ साइंसेज के विद्यार्थियों ने हाल ही में नमस्ते इंडिया डेयरी प्लांट, मोदीनगर का औद्योगिक दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत के कार्यों और प्रौद्योगिकी से परिचित कराना था, ताकि वे अपने शैक्षिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझ सकें। इस औद्योगिक दौरे ने विद्यार्थियों को उद्योग जगत में कार्यरत विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया और उनके शैक्षिक और पेशेवर दृष्टिकोण को समृद्ध किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चांसलर महेन्द्र अग्रवाल ने टिप्पणी करते हुए कहा, हमेशा से ही एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल शैक्षिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाना है, बल्कि उन्हें उद्योग जगत के लिए भी तैयार करना है।
इस प्रकार के औद्योगिक दौरे विद्यार्थियों को अपने करियर की दिशा निर्धारित करने में मदद करते हैं। कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रसंजीत कुमार ने फैकल्टी और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और उद्योग में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मेहनत और उत्साह से कार्यक्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। रजिस्ट्रार डॉ. राजेव रतन ने भी इस यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, हमारे विद्यार्थियों के लिए यह दौरा एक अमूल्य अनुभव था। उन्होंने यह अनुभव किया कि उद्योग और शैक्षिक क्षेत्र का सामंजस्य कैसे कार्य करता है और उन्हें एक बेहतर पेशेवर बनने के लिए किस प्रकार की तैयारी करनी चाहिए।
स्कूल ऑफ साइंसेज की निदेशक, प्रो. डॉ. ज्योत्सना पंडित ने इस शैक्षिक भ्रमण को आयोजित करने के लिए फैकल्टी सदस्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक दौरे विद्यार्थियों के शैक्षिक और पेशेवर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बायोटेक्नोलॉजी विभाग की प्रमुख, डॉ. ज्योति चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और उन्हें इस यात्रा से अधिक से अधिक लाभ उठाने की प्रेरणा दी। इस दौरे के दौरान, डॉ. प्रगति, श्रीमती रितु यादव और त्रिप्ती ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उनके साथ यात्रा की। विद्यार्थियों ने नमस्ते इंडिया डेयरी प्लांट के विभिन्न विभागों और प्रक्रियाओं का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान उन्हें डेयरी उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, और औद्योगिक प्रौद्योगिकी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।


















