-बकाया कर न जमा करने पर विंडसर क्लब समेत कई प्रतिष्ठान हुए सील
गाजियाबाद। नगर निगम बकाएदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है। टैक्स अदा न करने वालों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर बकाया वसूलने का अभियान शुरू कर दिया गया है। नगर निगम ऐसे बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। इसके साथ ही जो लोग टैक्स जमा नहीं करेंगे उनके खिलाफ कर अधिनियम के तहत कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम के जोनल प्रभारियों ने टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई तेज कर दी है। जिसके क्रम में शहर में कई प्रतिष्ठानों एवं मकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। जो पिछले काफी वर्षों से बकाया टैक्स जमा नहीं कर रहे थे। नगर निगम की सीलिंग की कार्यवाही को देखते हुए कई स्थानों पर वसूली भी प्राप्त हुई।
नगर निगम कर वसूली को लेकर सख्ती से कार्य ले रहा है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया नगर निगम टैक्स विभाग सभी जोनों में कार्य कर रहा है। जिसमें वसुंधरा जोन के अंतर्गत विंडसर क्लब को सील किया गया। जिस पर 85 लाख का बकाया है। कौशांबी व वैशाली में भी वृहद स्तर पर अभियान चलाया गया, जिसमें कई स्टोर सील किए गए। मोहन नगर जोन के अंतर्गत शालीमार गार्डन में 1 लाख 53 हजार बकाया होने पर एक गोदाम को सील किया गया। विजयनगर जोन के अंतर्गत राहुल विहार में अभियान तेजी से चलाया गया। जिसमें 12 लाख बकाया जमा नहीं करने पर गैस एजेंसी को सील किया गया। इसी प्रकार कवि नगर जोन के अंतर्गत भी स्वदेशी कंपाउंड व कवि नगर इंडस्ट्रियल एरिया में सीलिंग की कार्यवाही की गई। सीलिंग के उपरांत हाउस टैक्स जमा किया गया और सील खोली गई। वृहद स्तर पर सिटी जोन अंतर्गत केला भट्टा, प्रेम नगर में भी सीलिंग की कार्यवाही कई मकानों पर की गई।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम की टीम वृहद स्तर पर कार्यवाही कर रही है। जिसमें हाउस टैक्स वसूली को बढ़ाने का प्रयास चल रहा है। ऐसे क्षेत्र जहां पर हाउस टैक्स वर्षों से नहीं जमा किया गया वहां भी कैंप लगाकर हाउस टैक्स लागू कराया जा रहा है। प्रतिदिन पांचो जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र की कार्यवाही रिपोर्ट नगर आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। मॉनिटरिंग के आधार पर नई प्लानिंग भी नगर आयुक्त बना रहे हैं। शहर में कर वसूली को लेकर चल रहे अभियान को देखते हुए कई बकायदारों द्वारा स्वयं अपना टैक्स जमा किया जा रहा है। उन्होंने बताया नगर निगम की कार्रवाई से बचने के लिए नगर निगम द्वारा लगाए कैंप में पहुंचकर अपना टैक्स जमा करे और निगम की सुविधाओं का लाभ उठाए।


















