वर्षों बाद शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य, पटाखे जलाकर लोगों ने किया खुशी का इजहार

-वार्ड संख्या 9 में गुरुद्वारे की सड़क बनाए जाने पर सिख समाज ने दिया धन्यवाद

गाजियाबाद। शहर के विकास को बढ़ावा देने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। जिसके क्रम में शहर में कई सड़कों का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से हो रहा है। जिसका लाभ शहर के निवासियों को मिल रहा है। वहीं शहरवासी भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत होने पर अपने तरीके से खुशी का इजहार कर रहे है। वहीं सिटी जोन के अंतर्गत वार्ड-9 में गुरुवार को निर्माण कार्य शुरु होने पर लोगों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए पटाखे फोड़कर दिवाली मनाई। क्षेत्रीय निवासी हिमांशु पाराशर का कहना था कि उक्त सड़क पिछले काफी वर्षों से नहीं बनी थी। जिस पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं क्षेत्रीय निवासियों ने भरसक प्रयास किया। जिसके बाद ही नगर निगम द्वारा गुरुद्वारा रोड पटेल मार्ग से लेकर लाल चौक तक बनाई गई सड़क को गुणवत्ता पूर्वक बनाया गया।

लोगों ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह की प्लानिंग की सराहना करते हुए बताया कि पानी की पाइपलाइन व सीवर कनेक्शन करने के बाद उक्त सड़क को बनाया गया। जिससे आसपास के रहने वाले निवासियों में उत्साह है और खुशी को जाहिर करते हुए बनी हुई सड़क पर एक पटाखा जलाते हुए दिवाली मनाई गई। नगर निगम द्वारा उक्त सड़क 15वें वित्त आयोग से बनाई, जिसमें लगभग 15 लाख की लागत से सड़क बनाई गई। सिक्ख समाज ने सड़क बनने पर खुशी जाहिर की। महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, क्षेत्रीय पार्षद शीतल का क्षेत्रीय लोगों ने आभार व्यक्त किया। क्षेत्रीय पार्षद शीतल ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने पर आवागमन में क्षेत्र वासियों को काफी सहूलियत मिलेगी। सड़क खराब होने की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधक रविंद्र सिंह, अवतार सिंह, जसवंत सिंह राजू व अन्य उपस्थित रहे।