कौशांबी में मच्छरों का आतंक, भाजपा पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोग परेशान हैं। खासकर कौशांबी वार्ड-72 में स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। लगातार बढ़ती मच्छरों की संख्या के कारण लोग न केवल असहज महसूस कर रहे हैं, बल्कि कई तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। इस समस्या को लेकर क्षेत्र की भाजपा पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर तुरंत फॉगिंग करवाने की मांग की है। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि पिछले 15 दिनों से क्षेत्र में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका असर इतना अधिक हो गया है कि लोग रात में सो भी नहीं पा रहे हैं। मच्छरों के काटने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने भी इस समस्या पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि नगर निगम की ओर से समय-समय पर फॉगिंग न होने की वजह से मच्छरों की संख्या बेकाबू होती जा रही है। कई लोग डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के खतरे से डरे हुए हैं।

नगर निगम से तत्काल फॉगिंग कराने की मांग
पार्षद ने नगर आयुक्त से निवेदन किया कि फौरन क्षेत्र में फॉगिंग कराई जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि मच्छरों का प्रकोप न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह एक सामाजिक और आर्थिक समस्या भी बन चुका है। बीमारी फैलने से मेडिकल खर्च बढ़ता है और लोग मानसिक रूप से भी परेशान होते हैं।

निवासियों की नाराजगी, जल्द समाधान की उम्मीद
कई स्थानीय लोगों ने इस मुद्दे पर कहा कि अगर समय रहते फॉगिंग नहीं की गई, तो डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाएगी। नगर निगम को इस समस्या का जल्द समाधान निकालना चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें। अब देखना यह होगा कि नगर निगम इस पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और लोगों को राहत मिलती है या नहीं।