अपराधियों की टूटेगी कमर, उन्हीं की भाषा में डीसीपी सिटी की टीम दे रही जवाब, तीन दिन पूर्व हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा

-पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल, लूटपाट का माल बरामद
-रात के अंधेरे और सुबह सवारियों को ऑटों में बैठा के हथियारों के बल पर करते थे लूटपाट

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर क्षेत्र में अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर आमजन में दहशत का माहौल पैदा करने वालों की अब खैर नहीं होगी। डीसीपी सिटी राजेश कुमार अपराधियों पर कहर बनकर टूट रहे है। अपराधियों को उन्ही की अब पुलिस उन्हीं की भाषा में जवाब दे रही है। तीन दिन पूर्व ऑटो में बैठे व्यक्ति से लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जिसमें से एक बदमाश मुठभेड़ में घायल भी हो गया। डीसीपी सिटी की टीम नगर क्षेत्र में अपराधियों की कमर तोड़ने और आमजन में भयमुक्त माहौल देने के लिए दिन-रात अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। प्रतिदिन शाम होते ही पुलिस की टीम खुले में अवैध रूप से शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तो कर रही है। साथ ही हर चौराहे और गलियों में भी गश्त बढ़ा दी गई है। किसी अपराध के घटने में पुलिस को दोषी बताकर उसे कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है। लेकिन क्या वाकई में सारा दोष अकेले पुलिस के सिर मढ़ दिया जाना उचित है। जबकि पुलिस दिन-रात आमजन की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सड़कों पर मौजूद रहती है।

अगर आपराधिक वारदातों को रोकने में आमजन भी थोड़ा पुलिस का सहयोग करें तो समय रहते अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सकता है। गौरतलब हो कि नगर क्षेत्र को सुरक्षित माहौल और अपराधियों पर अपना शिकंजा कसने के लिए डीसीपी सिटी राजेश कुमार खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहते है। बात अगर अपराधियों पर कार्रवाई की जाए तो डीसीपी खुद अब उन्हें उनकी भाषा में जवाब देने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है। ऑटो में बैठाकर लोगों के साथ लूटपाट की घटना का जैसे ही डीसीपी सिटी को पता चला तो बिना देरी किए टीम गठित की और घटना के तीन बाद ही बदमाशों को दबोच लिया।

एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया 30 जनवरी की सुबह थाना मधुबन बापूधाम स्थित मेरठ रोड पिलर नंबर- 685 के पास गोविंदपुरी मोदीनगर निवासी मनोज कुमार से ऑटो चालक और उसके साथी ने डरा-धमकाकर उनका बैग जिसमें मोबाइल, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और 700 रुपये लूटकर फरार हो गए था। पीड़ित ने घटना की सूचना था थाना मधुबन बापूधाम पुलिस को दी। पीड़ित की शिकायत पर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। सोमवार को पुलिस रूटीन चेकिंग जीडीए चौराहे पर कर रही थी। सामने से ऑटो आता हुआ दिखाई दिया, पुलिस टीम ने जब ऑटो को रुकने का इशारा किया तो ऑटो चालक व उसका साथी ऑटो लेकर भागने लगे।

संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया तो सामने रोड पर डेड लाइन आने पर ऑटो में बैठे दो व्यक्ति ऑटो से तेजी से उतरकर खेतों की तरफ भागने लगे व भागते हुए पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दिया। उसके बाद भागते हुए फिर लगातार फायरिंग करने लगे, पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैरों की तरफ एक फायर किया, जिससे एक बदमाश घायल होकर गिर गया। वहीं भाग रहें दुसरे बदमाश को कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में बदमाशों की पहचान अमित उर्फ बेस टू पुत्र आशाराम निवासी डी व्लाक आश्रम रोड नंदग्राम, मूल निवासी गांव दोदलपुर सकीर जिला एटा और अंकित उर्फ अभिषेक उर्फ बैकर पुत्र दिलीप सिंह निवासी 647, ई ब्लाक नंदग्राम के रूप में हुई। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार दिलाकर जेल भेज दिया गया। बदमाशों के पास से तमंचा 315 बोर, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक चाकू, एक लूट का मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया।

डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया पकड़े गए बदमाश रात के अंधेरे और सुबह तड़के सवारियों को ऑटो में बैठाकर उनसे लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। एक साथी सवारी बनकर ऑटो में पीछे बैठ जाता था, जिससे लोगों को शक न हो। उसके बाद सुनसान जगह पर गाड़ी रोक कर हथियारों के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। 30 जनवरी को पकड़े गए बदमाशों ने ही मोदीनगर निवासी मनोज कुमार से लूटपाट की थी। लूटपाट के माल को बाजारों में बेचकर उससे नशा करते थे। अमित उर्फ बेस टू के खिलाफ नंदग्राम में दो और सिहानी गेट में चार, थाना मधुबन बापूधाम में एक एवं अंकित उर्फ अभिषेक उर्फ बैकर के खिलाफ थाना मधुबन बापूधाम में दो मुकदमे दर्ज है।  आमजन की सुरक्षा और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बदमाशों को अब उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जा रहा है।