-उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में परंपरानुसार हुआ निर्धारण
-19 अप्रैल से पंचमुखी डोली यात्रा, 22 अप्रैल सुबह 8 बजे दर्शन प्रारंभ
-देश-विदेश के श्रद्धालुओं को पं. राजकुमार तिवारी ने दी शिवरात्रि की शुभकामनाएं
उदय भूमि संवाददाता
उखीमठ। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई। तय कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल को प्रात: 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। श्री केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम भी निर्धारित कर लिया गया है। 18 अप्रैल को उखीमठ में भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना सम्पन्न होगी। 19 अप्रैल को पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल से फाटा के लिए प्रस्थान करेगी। 20 अप्रैल को दूसरा पड़ाव गौरीकुंड तथा 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी। इसके पश्चात 22 अप्रैल को विधि-विधान के साथ कपाट खोल दिए जाएंगे।
उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा केदार के दर्शन हेतु हर वर्ष लाखों श्रद्धालु हिमालय की कठिन यात्रा कर पहुंचते हैं और भगवान की कृपा प्राप्त करते हैं। इस यात्रा वर्ष के लिए मंदिर की पूजा व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। श्री केदारनाथ धाम में एम.टी. गंगाधर मुख्य पुजारी का दायित्व संभालेंगे, जबकि श्री मदमहेश्वर धाम हेतु शिवशंकर लिंग तथा बागेश लिंग ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पूजा व्यवस्था का दायित्व निभाएंगे।
कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के अवसर पर आचार्य संतोष त्रिवेदी, तेज प्रकाश त्रिवेदी, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, प्रह्लाद पुष्पवान, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, उपजिलाधिकारी अनिल रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा पुष्पवान, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, तीर्थ पुरोहित समाज के प्रतिनिधि तथा सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल के बीच घोषित तिथि के साथ ही चारधाम यात्रा की तैयारियों को भी गति मिल गई है। श्रद्धालुओं में बाबा केदार के दर्शनों को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

















