अत्याधुनिक सिस्टम से महानगर के चौराहे होंगे संचालित शहर होगा सुरक्षित

-इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम कार्यालय के निर्माण कार्य का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
-आधुनिक तकनीकी से युक्त होगा आईटीएमएस कार्यालय, ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगी निगरानी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। अब वह दिन दूर नहीं है, जब महानगर के चौराहे अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से संचालित होंगे। न केवल जाम से मुक्ति मिलेगी बल्कि यातायात नियमों का पालन भी होगा। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) कार्यालय का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि 1 जनवरी 2025 से इसकी शुरुआत हो जाएगी। मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने चीफ इंजीनियर एनके चौधरी एवं अधिशासी अभियंता फरीद जैदी के साथ निर्माण कार्य का मौके पर स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 288 वर्ग मीटर एरिया में आईटीएमएस बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। उक्त बिल्डिंग में दो फ्लोर बनाए जाएंगे। जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को व्यवस्थित करने के लिए बनाया जाएगा। पहले फ्लोर पर नगर निगम कंट्रोल सेंटर का विस्तार करते हुए नया स्वरूप दिया जाएगा। चल रहे कार्यों की मॉनिटरिंग निर्माण विभाग के अधिकारी खुद लगातार कर रहे है। लगभग 2 करोड़ 67 लाख से उक्त बिल्डिंग को बनाने का कार्य किया जा रहा है।

चयनित 41 चौराहों पर लगी हुई ट्रैफिक लाइट को ऑटोमेटिक कंट्रोल सिस्टम के माध्यम से व्यवस्थित किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से ट्रैफिक पर भी पूरी नजर रखी जायेगी। ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों का चालान भी ऑटोमेटिक करने की व्यवस्था को भी इसी कंट्रोल रूम के माध्यम से किया जाएगा। जिसके चलते इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को आधुनिक तकनीकी से युक्त बनाया जाएगा। जिसके लिए वीडियो वॉल भी लगाई जाएगी। इन सभी व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए बिल्डिंग का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। लगभग 6 माह के भीतर कार्य को पूर्ण किया जाना है। नगर आयुक्त ने टीम को रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। कयास लगाए जा रहे है कि 1 जनवरी 2025 तक आईटीएमएस का कार्य पूरा हो जाएगा। शहर निवासियों की सुविधा एवं विभागीय सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम द्वारा इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का विस्तार करने के लिए भी योजना बनाई जा रही है। जिसके माध्यम से चल रहे हाईटेक कार्यों को व्यवस्थित किया जा सकेगा।

नगर निगम कुशल नेतृत्व में स्मार्ट वर्किंग की और अग्रसर हो रहा है। चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) कार्यालय के निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है। करीब दो करोड़ 67 लाख की लागत से 288 वर्ग मीटर एरिया में आईटीएमएस बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। 1 जनवरी 2025 से आईटीएमएस की शुरुआत के लिए निगम के अधिकारी लगातार निर्माण कार्य पर अपनी निगाह बनाए हुए है। महानगर के चौराहे अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से संचालित होंगे। न केवल जाम से मुक्ति मिलेगी बल्कि यातायात नियमों का पालन भी होगा। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा सकेंगी। 700 कैमरे कंट्रोल रूम से इंटीग्रेटेड कर लिए है। नगर निगम के इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से 31 मई तक 5000 कैमरों को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए अन्य विभागों से संपर्क कर सहयोग मांगा जा रहा है। जिसमें सभी विभाग और व्यापारी वर्ग भी अपना सहयोग भी दे रहे है।