उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर सोमवार को रेखा देवी मेमोरियल अस्पताल, डासना द्वारा सुंदरदीप वर्ल्ड स्कूल में छोटे बच्चों के लिए एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया और उनके स्वास्थ्य की संपूर्ण जांच की गई। शिविर में डॉ. यश ने बच्चों की आंखों की जांच, ऊंचाई और वजन मापा और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों और बच्चों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी और सभी आवश्यक टीके समय पर लगवाने के लिए प्रेरित किया। सुंदरदीप वर्ल्ड स्कूल ने इस सफल आयोजन के लिए रेखा देवी मेमोरियल अस्पताल को धन्यवाद दिया।
रेखा देवी मेमोरियल अस्पताल के आयोजकों ने कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर इस शिविर का आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। हम भविष्य में भी इस तरह के शिविरों का आयोजन करते रहेंगे। सुंदरदीप वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्य सपना अहलावत ने कहा, हम अपने स्कूल परिसर में इस महत्वपूर्ण शिविर का आयोजन करके खुश हैं। हम बच्चों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस शिविर के आयोजन से बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और अभिभावकों में टीकाकरण के प्रति सकारात्मक रुख देखने को मिला है।

















