-मुख्य मार्गों और आंतरिक वार्डों में दीपावली से पूर्व दिखेगा विकास और सौंदर्यकरण का असर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा हाल ही में आयोजित जनता दर्शन के दौरान शहरवासियों और क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न मुद्दों और समस्याओं का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जनता दर्शन में गुरुवार को वार्डों के जल निकासी, नाला निर्माण, पार्कों में अवैध कब्जे, कूड़ा निस्तारण, सीवर लाइन डालने जैसे प्रमुख मुद्दों पर टीमों को मौके पर ही कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
वार्ड संख्या 50 नूर नगर शांति नगर के निवासियों ने जल निकासी की समस्या उठाई, जिस पर नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को तुरंत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। वार्ड संख्या 59 गंज के तिराहे पर सौंदर्यकरण हेतु स्वास्थ्य और निर्माण विभाग को काम शुरू करने के लिए कहा गया। वार्ड संख्या 92 देवी मंदिर के बाहर कूड़ा घर हटाने का कार्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा करवाया जाएगा। इसी तरह वार्ड 25 और 58 में चल रहे नाला निर्माण के कार्यों की गति बढ़ाने, वार्ड 83 में जलभराव की समस्या को नाले की कनेक्टिविटी सुनिश्चित कर हल करने, वार्ड 61 के पार्क में हो रहे अवैध कब्जों को हटाने और वार्ड 25 व 80 में सीवर लाइन डालने के लिए संबंधित विभागों को तुरंत निर्देश दिए गए। कुल मिलाकर 23 संदर्भों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए।
जनता दर्शन के दौरान नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय पार्षदों से भी मुलाकात की। पार्षदों ने शहर में हो रहे विकास कार्यों और आंतरिक वार्डों की समस्याओं पर चर्चा की। नगर आयुक्त ने पार्षदों से प्रतिदिन संपर्क स्थापित करने और विकास कार्यों को तेज गति से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करोड़ों के विकास कार्य मुख्य मार्गों और आंतरिक वार्डों में चल रहे हैं और दिवाली से पूर्व इन कार्यों की भव्यता और सौंदर्यकरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इस अवसर पर पार्षद हिमांशु शर्मा, पार्षद शीतल देओल, पार्षद राहुल शर्मा, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद संतोष, पार्षद ओमप्रकाश, पार्षद शशि गौतम, पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद कन्हैया लाल, पार्षद नीरज गोयल और पूर्व पार्षद जाकिर सैफी, पूर्व पार्षद मनोज गोयल तथा वार्ड संख्या 61 से आशीष उपस्थित रहे।
उन्होंने आंतरिक वार्डों में सौंदर्यकरण, स्वच्छता और निगम की आय बढ़ाने से जुड़े सुझाव नगर आयुक्त के समक्ष रखे। नगर आयुक्त ने कहा कि दीपावली से पूर्व मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक वार्डों में भी विकास कार्य, साफ-सफाई और सुंदरता का व्यापक असर दिखाई देगा। नगर निगम इन कार्यों को समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराने में सभी विभागों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने क्षेत्रवासियों और पार्षदों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में योगदान दें।
















